भोपाल:मध्यप्रदेश में एक बार फिर झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया है.सक्रिय मौसम प्रणाली के असर से प्रदेश के अधिकांश जिलों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है. मौसम विभाग के अनुसार यह क्रम अगले एक सप्ताह तक जारी रहेगा. कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश के आसार हैं, जबकि कुछ क्षेत्रों में अगले 48 घंटे के भीतर भारी बारिश की संभावना जताई गई है.
धार, बैतूल, अलीराजपुर, सिवनी, मंडला, पांढ़ुर्ना, नर्मदापुरम, बालाघाट और छिंदवाड़ा सहित कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है. इन जिलों के लिए मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है. इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं.वहीं, छतरपुर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, गुना, श्योपुरकलां, शाजापुर, राजगढ़, टीकमगढ़, अशोकनगर और विदिशा में भी मौसम मेहरबान रहने के संकेत हैं.
लगातार हो रही बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और उमस में कमी आई है.मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि सक्रिय मानसूनी बादलों के कारण नमी का स्तर बढ़ा है, जिससे बरसात का यह सिलसिला कुछ दिनों तक थमने की संभावना नहीं है. किसानों के लिए यह बारिश फसलों के लिए लाभकारी साबित हो सकती है, हालांकि कुछ इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बन सकती है
