शास्त्री ब्रिज बना अवैध पार्किंग स्थल

इंदौर: शहर के शास्त्री ब्रिज पर यातायात व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है. रेलवे स्टेशन की ओर उतरने वाली ब्रिज की भुजा अब अवैध पार्किंग स्थल में तब्दील होती नजर आ रही है. यहां लोग अपनी कारें और अन्य वाहन सड़क किनारे खड़े कर देते हैं, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा है और जाम की समस्या लगातार बढ़ रही है.
रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को छोड़ने और लेने आने वाले लोगों के वाहन भी ब्रिज पर ही खड़े किए जा रहे हैं.

इसके कारण ब्रिज पर वाहनों का दबाव बढ़ रहा है और आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही है. व्यस्त समय में यहां लंबा जाम लगना आम बात हो गई है. स्थिति को और गंभीर बनाने में ब्रिज के नीचे रेलवे स्टेशन के समीप सड़क पर रिक्शा चालकों का अतिक्रमण भी बड़ी वजह है. सड़क के बड़े हिस्से पर रिक्शों के खड़े रहने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है और आए दिन जाम की स्थिति बन जाती है.

कारोबार पर पड़ रहा असर
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि इस अव्यवस्था का सबसे अधिक असर उनके कारोबार पर पड़ रहा है. जाम के कारण ग्राहक दुकानों तक आसानी से नहीं पहुंच पाते. वहीं, इस मार्ग से गुजरने वाली बड़ी सिटी बसें भी जाम में फंस जाती हैं, जिससे यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा जाती है.

ट्रैफिक पुलिस की तैनाती हो
हैरानी की बात यह है कि इस पूरे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था संभालने के लिए न तो ट्रैफिक पुलिस के जवान नियमित रूप से दिखाई देते हैं और न ही नगर निगम द्वारा अतिक्रमण हटाने या पार्किंग व्यवस्था को लेकर कोई प्रभावी कार्रवाई की जा रही है. स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि शास्त्री ब्रिज पर अवैध पार्किंग पर तत्काल रोक लगाई जाए, नियमित रूप से ट्रैफिक पुलिस की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि यात्रियों, स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों को जाम की समस्या से राहत मिल सके।

Next Post

मिर्जापुर की ‘गोलू’ की लाइफ है बेहद दिलचस्प, श्वेता त्रिपाठी के अनसुने फैक्ट्स

Mon Jul 6 , 2026
बॉलीवुड जगत में अपनी दमदार एक्टिंग से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाने वाली श्वेता त्रिपाठी शर्मा ने ‘मसान’ फिल्म की मासूम शालू गुप्ता से लेकर ‘मिर्जापुर’ की बेबाक गोलू गुप्ता तक, उन्होंने हर किरदार को जीवंत किया है। एक्टिंग के अलावा भी उनके भीतर कई ऐसी प्रतिभाएं छुपी […]

You May Like