नयी दिल्ली, 14 अगस्त (वार्ता) दुपहिया वाहनों के खंड में अच्छे प्रदर्शन के कारण वाहन निर्माता कंपनियों ने इस साल जुलाई में घरेलू बाजार में 19,77,442 वाहन बेचे जो जुलाई 2024 के 18,42,296 वाहनों की तुलना में 7.33 प्रतिशत अधिक है।
यात्री वाहनों की बिक्री में एक साल पहले के मुकाबले जहाँ गिरावट दर्ज की गयी, वहीं दुपहिया वाहनों में तेजी रही।
भारतीय वाहन निर्माता कंपनियों के संगठन सियाम के आँकड़ों के अनुसार, गत जुलाई में यात्री वाहनों की कुल बिक्री 0.2 प्रतिशत घटकर 3,40,772 इकाई पर रह गयी।
दुपहिया के खंड में स्कूटरों की बिक्री में 16.2 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई और यह 6,43,169 इकाई रही। मोटरसाइकिल की बिक्री 4.7 फीसदी बढ़कर 8,90,107 इकाई पर पहुँच गयी। मोपेड में 9.5 प्रतिशत की गिरावट देखी गयी।
घरेलू बाजार में तिपहिया की माँग मजबूत रहने से इसकी बिक्री 17.5 प्रतिशत बढ़कर 69,403 इकाई पर पहुँच गयी जो जुलाई महीने के लिए नया रिकॉर्ड है। विशेष रूप से यात्री तिपहिया वाहनों की बिक्री 21.4 प्रतिशत बढ़ी और 58,693 इकाई हो गयी। माल वाहक तिपहिया वाहनों की बिक्री भी 10.6 प्रतिशत बढ़ी जबकि ई-रिक्शा की बिक्री 53.3 फीसदी घट गयी।
सियाम के महानिदेशक राजेश मेनन ने कहा कि जुलाई में वाहन उद्योग की बिक्री के प्रदर्शन में स्थिरता रही, हालाँकि यात्री वाहनों के खंड में सुस्ती रही। वहीं, तिपहिया वाहनों ने किसी भी साल में जुलाई महीने की बिक्री का नया रिकॉर्ड बनाया है।
उन्होंने कहा कि त्योहारों का मौसम शुरू हो चुका है और अगस्त के अंत में ओणम भी है इसके मद्देेनजर भारतीय वाहन उद्योग आने वाले महीनों में माँग बढ़ने की उम्मीद करता है।

