राजगढ़:मेंटिनेंस कार्यवाही में असंतोषजनक प्रगति पर ब्यावरा और नरसिंहगढ़ बिजली कंपनी के प्रबंधक पर कार्यवाही होगी. ये निर्देश बिजली कंपनी के प्रबंध संचालक ने समीक्षा बैठक के दौरान दिए. मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक क्षितिज सिंघल ने राजगढ़ वृत्त का दौराकर विद्युत नेटवर्क की समीक्षा की. इस दौरान उनके साथ राजगढ़ वृत्त के सभी अधिकारी उपस्थित थे. राजगढ़ वृत्त की समीक्षा के दौरान प्रबंध संचालक क्षितिज सिंघल ने कहा कि उपभोक्ता हितों को ध्यान में रखते हुए विद्युत नेटवर्क का रखरखाव समय पर पूर्ण करें.
उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर के लाभ बताएं. उन्होंने कहा कि कंपनी कार्यक्षेत्र के अंतर्गत 1 लाख 24 हजार 701 स्मार्ट मीटर उपभोक्ता ओं को उनके मासिक विद्युत बिल में टाइम ऑफ डे छूट का लाभ प्रदान करते हुए जुलाई 2025 में कुल 01 करोड़ 08 लाख 59 हजार 082 रूपये की रियायत प्रदान की गई है. जिसमें राजगढ़ वृत्त के 26 उपभोक्ताओं को 04 हजार 706 रूपए की दिन के टैरिफ में छूट मिली है.
कंपनी द्वारा स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को उनकी खपत के आधार पर टाइम ऑफ डे छूट के तहत 50 रूपये से लेकर 12 हजार 160 रूपये तक की छूट प्रदान की गई है. बैठक में प्रबंध संचालक द्वारा वितरण केन्द्रवार बिलिंग दक्षता, कलेक्शन दक्षता, सीआरपीयू, आरपीयू आदि की समीक्षा की. बकाया राशि वाले कनेक्शनों को काटे जाने की प्रगति समीक्षा करते हुए कहा कि जिनके बिल बकाया हैं, उनके कनेक्शन प्रभावी रूप से काटे जाएं तथा स्वत: जोडऩे पर विद्युत अधिनियम के तहत पंचनामा बनाकर कार्रवाई की जाए. प्रबंध संचालक ने सरल संयोजन योजना के तहत अधिक से अधिक नवीन कनेक्शन दिये जाने की बात भी कहीं. बैठक में मुख्य महाप्रबंधक भोपाल क्षेत्र अमृतपाल सिंह, महाप्रबंधक राजगढ़ वृत्त सुनील कुमार खरे एवं सभी उपमहाप्रबंधक, प्रबंधक एवं सहायक प्रबंधक उपस्थित रहे.
