भोपाल। मध्यप्रदेश राज्यसभा चुनाव में नामांकन प्रक्रिया के दौरान नया विवाद सामने आया है। भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी महेश केवट ने कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन के नामांकन पत्र पर आपत्ति दर्ज कराई है।
महेश केवट की ओर से दाखिल आपत्ति में आरोप लगाया गया है कि मीनाक्षी नटराजन ने तेलंगाना में दर्ज एक मामले से संबंधित जानकारी अपने नामांकन पत्र में उल्लेखित नहीं की है। भाजपा पक्ष ने इसे नामांकन प्रक्रिया में तथ्यों को छिपाने का मामला बताते हुए निर्वाचन अधिकारी से कार्रवाई की मांग की है।
मीडिया से चर्चा के दौरान महेश केवट के अधिवक्ता ने दावा किया कि मीनाक्षी नटराजन के नामांकन पत्र में केवल यही नहीं, बल्कि अन्य कई तकनीकी कमियां भी पाई गई हैं। उन्होंने कहा कि इन सभी बिंदुओं को निर्वाचन अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
वहीं, इस आपत्ति पर सुनवाई के बाद निर्वाचन अधिकारी आज शाम अपना फैसला सुनाएंगे। राज्यसभा चुनाव के लिए चल रही प्रक्रिया के बीच इस घटनाक्रम ने राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है और अब सभी की निगाहें निर्वाचन अधिकारी के निर्णय पर टिकी हुई हैं।
