
बुधनी। नगर के रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह रेलवे ट्रैक पर पहुंचे एक विशालकाय अजगर की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई. हादसा इतना गंभीर था कि अजगर के शरीर के दो हिस्से हो गए. घटना के बाद स्टेशन परिसर में मौजूद लोगों की भीड़ रेलवे ट्रैक की ओर जमा हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अजगर प्लेटफॉर्म नंबर-2 की ओर से रेलवे लाइन पर पहुंचा था. इसी दौरान वहां से गुजर रही ट्रेन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद अजगर कुछ देर तक ट्रैक पर छटपटाता रहा, लेकिन बाद में उसकी मौत हो गई.
इस दौरान कई लोगों ने हादसे को अपने मोबाइल में भी कैद किया. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने वन विभाग को सूचना दी. मौके पर पहुंचे वन अमले ने आवश्यक कार्रवाई की. वन परिक्षेत्र अधिकारी रजित द्विवेदी का कहना है कि बुधनी स्टेशन के पास ट्रेन से कटकर अजगर की मौत होने की सूचना प्राप्त हुई है. वन विभाग की टीम को तुरंत मौके पर भेजा गया है. मृत अजगर का पशु चिकित्सक से पीएम कराने के बाद उसका अंतिम संस्कार निपटान किया जाएगा.
