
छिन्दवाड़ा। बिछुआ थाना अंतर्गत ग्राम गोनावाड़ी में कलयुगी पुत्र ने जमीन जायदाद के बटबारे को लेकर अपने ही पिता को मौत के घाट उतार दिया। उक्त मामले में पुलिस ने आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि ग्राम गोनावाड़ी में विगत 01 फरवरी को 58 वर्षीय पतिराम परतेती की अज्ञात कारणों से मृत्यु होने की सूचना मिली थी जिसके बाद पुलिस द्वारा मौके पर जाकर घटना की तस्दीक करते हुए मर्ग कायम कर मामले की जांच आरम्भ की गई…पुलिस की विवेचना के दौरान मालूम पड़ा कि मृतक पतिराम के दो बेटे हैं,चूंकि मृतक के पास दो मकान थे,जिसने उन्हें अपने दोनों बेटों को परिवार सहित रहने के लिए दे दिया था। खेत मे बने मकान में बड़ा बेटा 36 वर्षीय बबलू परतेती अपने परिवार के साथ रह रहा था तो वहीं गांव में बने मकान में छोटा बेटा जितेंद्र परतेती अपने परिवार के साथ रह रहा था,छोटे बेटे के साथ ही मृतक पिता भी रहा करते थे।अपने पिता के द्वारा जमीन व मकान के इसी बटवारे को लेकर बड़ा बेटा संतुष्ट नही था और अक्सर नाराज रहा करता था,इसी के चलते ही इस बटवारे की कानूनी लड़ाई तहसील न्यायालय बिछुआ में भी विचाराधीन थी।घटना के दिन 01 फरवरी को पिता पतिराम जब सुबह लगभग 7 बजे अपने खेत मे बने कोठे में थे तभी बड़ा बेटा वहां आया और फिर हिस्से बटवारे को लेकर पिता पुत्र में वाद विवाद हो गया,उसी दौरान बड़े बेटे बबलू परतेती ने अपने पिता के साथ मारपीट कर एवं गला दबाकर उनकी की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी बबलू को गिरफ्तार कर हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया है।
