रीवा: जिले में सडक़ दुर्घटनाओं को शून्य स्तर तक लाने के उद्देश्य से संचालित जीरो $फैटेलिटी प्रोग्राम के तहत रीवा-सिरमौर मार्ग पर परिवहन विभाग द्वारा एक विशेष संयुक्त प्रवर्तन अभियान चलाया गया.यह कार्रवाई जिले के उन 20 महत्वपूर्ण दुर्घटना-संभावित बिंदुओं पर की गई, जहाँ पूर्व में घातक सडक़ दुर्घटनाएँ दर्ज की गई थीं. इस प्रवर्तन अभियान में रीवा आर टी ओ के साथ परिवहन सुरक्षा स्कवाड और बैकुंठपुर थाना पुलिस का संयुक्त दल भी शामिल रहा.
टीमों ने मार्ग पर स्टैटिक तथा डायनेमिक दोनों प्रकार से वाहन जांच की. इस दौरान तेज गति, लापरवाही से वाहन चलाना, बिना हेलमेट, बिना बीमा,सीट बेल्ट का उपयोग न करना, वैध दस्तावेजों का अभाव तथा मोटरयान अधिनियम के अन्य उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई की गई. अभियान के दौरान आज कुल जिले भर में 29 वाहनों पर विभिन्न उल्लंघनों के अंतर्गत चालानी कार्रवाई की गई.
जिला कलेक्टर एवं जिला सडक़ सुरक्षा समिति के अध्यक्ष द्वारा पूर्व में ही निर्देश दिए गए थे कि रीवा जिले में बढ़ती सडक़ दुर्घटनाओं को रोकने के लिए दुर्घटना-बहुल क्षेत्रों में सघन प्रवर्तन अभियान चलाया जाए. उसी के क्रम में यह कार्रवाई की गई. इसके पूर्व सेफ लाइफ फाउंडेशन द्वारा रीवा जिले के लिए आयोजित समीक्षा बैठक में भी यह तथ्य सामने आया था कि मध्य प्रदेश के छह जिले देश के शीर्ष 100 अधिक घातक दुर्घटना वाले जिलों में शामिल हैं.
