भोपाल। मध्य प्रदेश में स्वतंत्रता दिवस का पर्व पूरे उत्साह, उमंग और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। चित्रकूट के महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय में कुलगुरु प्रो. आलोक चौबे ने ध्वजारोहण कर विश्वविद्यालय परिवार को संबोधित किया। इस दौरान राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और वृक्षारोपण जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए।
वहीं जबलपुर में पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने ध्वजारोहण किया। परेड, मार्च पास्ट, सांस्कृतिक कार्यक्रम और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले शासकीय कर्मचारियों के सम्मान ने समारोह को खास बनाया। ओंकारेश्वर में भी स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। नगर परिषद अध्यक्ष मनीषा प्रकाश परिहार ने ध्वजारोहण एवं पूजन के बाद विद्यार्थियों को शिक्षा, अनुशासन और संस्कार का महत्व बताया। विभिन्न स्थानों पर विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियां दीं और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया।
