बाघ संरक्षण की सफल कहानी बन चुके मध्यप्रदेश के पन्ना टाइगर रिजर्व में आज स्थानीय समुदायों और बाघों के बीच सह-अस्तित्व का एक नया मॉडल बन गया है। सदियों पुरानी परंपराओं और आधुनिक संरक्षण प्रयासों के इस अनूठे संगम को दर्शाती डॉक्यूमेंट्री फिल्म “Neighbours of the Beast” का चयन अमेरिका के प्रतिष्ठित Flickers’ Rhode Island International Film Festival (RIIFF) 2026 के लिए हुआ है।
यह महोत्सव 4 से 9 अगस्त 2026 तक अमेरिका के प्रोविडेंस (रोड आइलैंड) में आयोजित होगा। विश्व के प्रमुख अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में शामिल इस महोत्सव के 44वें संस्करण के लिए इस वर्ष 110 से अधिक देशों से प्राप्त 7,050 से अधिक फिल्मों में से 20 चुनिंदा फिल्मों का चयन किया गया है, जिनमें “Neighbours of the Beast” भी शामिल है।
फिल्म का केंद्र पन्ना टाइगर रिजर्व के मडला गांव और वहां के सफारी गाइड हैं। इनके अनुभवों के माध्यम से फिल्म पन्ना के समुदायों और बाघों के बीच सदियों पुराने सह-अस्तित्व की कहानी को सामने लाती है। डॉक्यूमेंट्री इस बदलते रिश्ते पर गोंड और पारधी समुदायों के दृष्टिकोण को भी प्रमुखता से प्रस्तुत करती है। यह दिखाती है कि बाघों की वापसी के बाद समुदायों और बाघों के बीच एक नया रिश्ता विकसित हुआ है, जहां पर्यटन और विकास के नए अवसरों के साथ दोनों एक-दूसरे के संरक्षण के सहभागी बन गए हैं। आज यह संबंध केवल सह-अस्तित्व तक सीमित नहीं, बल्कि ऐसी साझेदारी का रूप ले चुका है, जिसमें पन्ना के समुदाय और बाघ एक-दूसरे की सुरक्षा और समृद्धि के आधार बन गए हैं।
फिल्म के निर्देशक सार्थक वर्मा स्वतंत्र फिल्मकार हैं, जिनका कार्य भारत की विविध सांस्कृतिक विरासत और आदिवासी समुदायों की अनकही कहानियों को दस्तावेज़ी रूप में सामने लाने पर केंद्रित है। जमीनी स्तर की कहानियों को संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत करने की प्रतिबद्धता के साथ वे देश के विभिन्न सांस्कृतिक परिदृश्यों की यात्रा करते हैं, जहां मुख्यधारा की नजरों से अक्सर ओझल रह जाने वाले समुदायों और उनकी पहचान को सामने लाने तथा उनके संरक्षण में योगदान देने का प्रयास करते हैं। “Neighbours of the Beast” उनकी पहली डॉक्यूमेंट्री फिल्म है। फिल्म के निर्माण में राघवेंद्र सिंह चौहान ने एक्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। फिल्म की तकनीकी टीम में धीमान कर्मकार (साउंड डायरेक्टर), मियांका सेखरी (एडिटर), करण सालुंखे (डायरेक्टर ऑफ फोटोग्राफी), नैमिष जोशी (एसोसिएट डायरेक्टर ऑफ़ फ़ोटोग्राफ़ी) और समर्थ चावला (संगीतकार) शामिल हैं।
अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में चयन के साथ “Neighbours of the Beast” वैश्विक दर्शकों के सामने पन्ना टाइगर रिजर्व की संरक्षण यात्रा, वहां की समृद्ध जैव विविधता और आदिवासी समुदायों के प्रकृति के साथ सह-अस्तित्व को नए सिरे से प्रस्तुत करेगी। यह फिल्म मध्यप्रदेश की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विरासत को अंतरराष्ट्रीय मंच पर केंद्र में लाने का माध्यम बनेगी।
