
शक्तिनगर/सोनभद्र। विंध्यनगर-शक्तिनगर मुख्य मार्ग की जर्जर स्थिति एक बार फिर गंभीर दुर्घटना का कारण बन गई। रविवार रात्रि लगभग 11:30 बजे एक कार दुर्घटनाग्रस्त होकर पलट गई, हालांकि चालक को कोई गंभीर चोट नहीं आई और वह बाल-बाल बच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुकेश कुमार अपनी स्विफ्ट डिजायर कार (नंबर- BR-27-R-3783) से विंध्यनगर से शक्तिनगर की ओर आ रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक एवं मोटरसाइकिल को बचाने के प्रयास में उन्होंने अचानक ब्रेक लगाया। सड़क की खराब स्थिति के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया और पलटते हुए लगभग तीन फुट ऊँचे फुटपाथ को पार कर एक दीवार से जा टकराया।
स्थानीय लोगों के अनुसार विंध्यनगर-शक्तिनगर मुख्य मार्ग लंबे समय से पूरी तरह क्षतिग्रस्त है। वहीं शक्तिनगर तेलगांवा पुलिया से होकर जाने वाला मुख्य मार्ग एनटीपीसी सिंगरौली परियोजना के तृतीय चरण विस्तार कार्य के कारण बंद कर दिया गया है। इसके चलते राहगीरों और वाहन चालकों को सिंपलेक्स कॉलोनी होते हुए घुमावदार एवं संकरे मार्ग से आवागमन करना पड़ रहा है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है।
क्षेत्रवासियों ने मध्य प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश को जोड़ने वाले इस महत्वपूर्ण मार्ग का शीघ्र अनुरक्षण एवं मरम्मत कार्य कराए जाने की मांग की है। साथ ही राख परिवहन करने वाले भारी वाहनों की सुरक्षित एवं नियंत्रित आवाजाही सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत एवं यातायात व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो किसी भी समय बड़ी जनहानि हो सकती है।
