सिंगरौली में हर्षोल्लास के साथ मना रंगों का महापर्व होली

सिंगरौली। जिले में रंगों का पर्व होली इस वर्ष हर्षोल्लास, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाया गया। सुबह से ही नगर एवं ग्रामीण अंचलों में लोगों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं। गलियों और मोहल्लों में ढोल-नगाड़ों की थाप पर युवा और बच्चे झूमते नजर आए।

सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री राधा सिंह ने भी विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर आमजन के साथ होली खेली। दोनों जनप्रतिनिधियों ने लोगों को रंग-गुलाल लगाकर होली की बधाई दी और आपसी प्रेम व सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया। विधायक रामनिवास शाह कई स्थानों पर आयोजित फगुआ कार्यक्रमों में शामिल हुए, जहां उन्होंने ढोलक और मजीरा की थाप पर पारंपरिक गीतों का आनंद उठाया।

जिले में जगह-जगह फगुआ और होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में पारंपरिक लोकगीतों की गूंज सुनाई दी, तो वहीं शहरी क्षेत्रों में युवाओं ने डीजे की धुन पर जमकर नृत्य किया। हरदंगियों ने भी उत्साह के साथ होली खेली, लेकिन कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।

होली पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। प्रमुख चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात रहा और लगातार गश्त करती रही। प्रशासन की सतर्कता के चलते पूरे जिले में शांति व्यवस्था कायम रही।

घर-घर में होली के पारंपरिक पकवान जैसे गुजिया, दही-बड़े, मालपुए और अन्य व्यंजन बनाए गए। बच्चों ने रंग-बिरंगी पिचकारियों से जमकर होली खेली और दिनभर उत्साह का माहौल बना रहा।

कुल मिलाकर सिंगरौली जिले में होली का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और उल्लास के साथ शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।

Next Post

हादसे में दो सगे भाईयों की मौत

Wed Mar 4 , 2026
आगर-मालवा। मध्यप्रदेश के आगर-मालवा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की मौत हो गई। हादसा उज्जैन-झालावाड़ राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-552जी पर सुसनेर मार्ग पर बीती रात हुआ। हादसे में एक युवक घायल हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक दोनों सगे भाई दशरथ चौहान (24) तथा प्रधान […]

You May Like