टेनिस दिग्गज लिएंडर पेस के पिता डॉ. वेसी पेस 80 वर्ष की उम्र में नहीं रहे, 1972 म्यूनिख ओलंपिक में दिलाया था कांस्य पदक।
कोलकाता, 14 अगस्त (वार्ता): भारतीय खेल जगत से एक दुखद खबर सामने आई है। 1972 के म्यूनिख ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम के सदस्य और टेनिस स्टार लिएंडर पेस के पिता डॉ. वेसी पेस का आज सुबह कोलकाता में निधन हो गया। वे 80 वर्ष के थे और पिछले कुछ समय से पार्किंसन रोग की गंभीर स्टेज से जूझ रहे थे। उन्हें मंगलवार सुबह शहर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
डॉ. वेसी पेस एक बहुमुखी प्रतिभा के धनी थे। वे हॉकी खिलाड़ी होने के साथ-साथ एक अनुभवी स्पोर्ट्स मेडिसिन डॉक्टर भी थे। उन्होंने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और भारतीय डेविस कप टीम सहित कई प्रमुख खेल संगठनों के साथ भी काम किया था। उनके निधन पर खेल जगत की कई हस्तियों ने शोक व्यक्त किया है।

