मुंबई, (वार्ता)‘आज़ादी की कहानी, मिर्ची की ज़ुबानी सीज़न 3’ में आमिर खान, अजय देवगन समेत कई दिग्गज कलाकारों की आवाज़ में भारत के अनसुने नायक की कहानी सुनने को मिलेगी।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मिर्ची अपनी प्रतिष्ठित पहल ‘आज़ादी की कहानी, मिर्ची की ज़ुबानी’ गर्व के साथ प्रस्तुत कर रहा है। यह प्रशंसित ऑडियो श्रृंखला, पिछले दोनों सीज़नों की अपार सफलता के बाद, एक बार फिर उन भूली-बिसरी गाथाओं को सामने ला रही है।यह पहल उन मौन नायकों को सम्मानित करती है, जिनके साहस, त्याग और प्रतिबद्धता का ज़िक्र समय की धूल में कहीं खो गया।यह श्रृंखला स्मरण कराती है कि आज़ादी की लड़ाई केवल महान राजनीतिक नेताओं की नहीं, बल्कि हर उस भारतीय की थी, जिसने अपनी आवाज़, अपनी कलम और अपने हुनर से इस संघर्ष को दिशा दी।
सीज़न 3 इस अनुभव को नई उंचाइयों पर ले जाता है, जहां भारतीय सिनेमा के प्रतिष्ठित सितारे इन अनमोल कहानियों को अपनी आवाज़ देंगे। इस गौरवमयी कारवां का नेतृत्व कर रहे हैं सुपरस्टार आमिर खान और अजय देवगन, जो अपनी भावनात्मक गहराई और दमदार प्रस्तुति से इन प्रसंगों को जीवंत कर देंगे।इनके साथ पंकज त्रिपाठी, मृणाल ठाकुर, अनुपम खेर, सोनू निगम, अमिताभ भट्टाचार्य, कुणाल खेमू और अनेक अन्य दिग्गज भी अपनी विशिष्ट शैली में कवियों, वकीलों, कलाकारों और शिक्षकों की अनसुनी गाथाओं को स्वर देंगे। वे नायक, जिन्हें इतिहास की किताबें भले भूल गई हों, लेकिन जिनका योगदान अमूल्य रहा है।‘आज़ादी की कहानी, मिर्ची की ज़ुबानी सीज़न 3’ केवल कहानी कहने का मंच नहीं है, बल्कि भारत की अदम्य जिजीविषा और प्रतिरोध की विरासत का कलात्मक उत्सव है।
