नयी दिल्ली 12 अगस्त (वार्ता) भारत और सिंगापुर के बीच द्विपक्षीय संबंधों का दायरा बढ़ाने और उन्हें अधिक प्रगाढ़ बनाने के लिए मंत्रिस्तरीय गोलमेज सम्मेलन की तीसरे दौर की बैठक बुधवार को यहां राजधानी दिल्ली में होगी।
विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को यहां जारी एक वक्तव्य में कहा कि इस बैठक में भारत की ओर से वित्त एवं कॉर्पोरेट मामलों की मंत्री निर्मला सीतारमण, विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव हिस्सा लेंगे। सिंगापुर का प्रतिनिधित्व उप प्रधानमंत्री तथा व्यापार एवं उद्योग मंत्री गान किम योंग, राष्ट्रीय सुरक्षा समन्वय मंत्री एवं गृह मंत्री के. षणमुगम, विदेश मंत्री डॉ. विवियन बालकृष्णन, डिजिटल विकास एवं सूचना मंत्री जोसेफिन टीओ, जनशक्ति मंत्री डॉ. टैन सी लेंग और कार्यवाहक परिवहन मंत्री जेफरी सिओ करेंगे।
यह सम्मेलन भारत-सिंगापुर सहयोग के लिए एक नया एजेंडा निर्धारित करने का अनूठा तंत्र है। इसकी उद्घाटन बैठक सितंबर 2022 में नई दिल्ली में और दूसरी बैठक अगस्त 2024 में सिंगापुर में हुई थी।
भारत और सिंगापुर व्यापक रणनीतिक साझेदारी साझा करते हैं। सम्मेलन के तीसरे दौर की बैठक में दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों को और व्यापक एवं गहन बनाने के अवसरों का पता लगाने पर चर्चा की जाएगी।
