दक्षिण एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनिशप के पहले दिन भारत ने जीते पांच स्वर्ण सहित 12 पदक

रांची 25 अक्टूबर (वार्ता) दक्षिण एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 के पहले दिन भारतीय एथलीटों ने पांच स्वर्ण, पांच रजत और दो कांस्य सहित कुल 12 पदक जीते।

बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में शुक्रवार से शुरु हुई दक्षिण एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 के पहले दिन पुरुषों की 5000 मीटर दौड़ में उत्तर प्रदेश पुलिस के कांस्टेबल और अखिल भारतीय पुलिस चैंपियनशिप 2024 के विजेता प्रिंस कुमार ने 14:22.17 का समय निकालकर स्वर्ण पदक हासिल किया। श्रीलंका के वक्षण विकनराज ने (14:23.21) और नेपाल के मुकेश बहादुर पाल ने (14:25.54) समय के साथ क्रमश: रजत और कांस्य पदक जीते।

महिलाओं की 5000 मीटर दौड़ में, भारत ने एक बार फिर अपना दबदबा कायम किया जब संजना सिंह (15:38.70) ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि हमवतन सीमा (15:40.55) ने रजत पदक जीता, जिससे मेजबान टीम पहले-दूसरे स्थान पर रही।

समरदीप सिंह गिल ने पुरुषों की शॉटपुट स्पर्धा में 19.59 मीटर की थ्रो के साथ खिताब जीता, जबकि हमवतन रवि कुमार ने 17.95 मीटर के साथ रजत और श्रीलंका के मिथुनराज ने 14.68 मीटर के प्रयास के साथ कांस्य पदक जीता।

महिलाओं की शॉटपुट स्पर्धा में योगिता ने 15.85 मीटर के थ्रो के साथ भारत के लिए स्वर्ण पदक जीता, जबकि हमवतन शिक्षा ने 15.83 मीटर के थ्रो के साथ रजत और श्रीलंका की चंद्रशेखर ओविने ने 13.03 मीटर के साथ कांस्य पदक जीता।

राशिद, नीरू पाठक, मोहम्मद अशफाक, ओलिम्बा और स्टेफी की भारतीय टीम ने मिश्रित 4 गुणा 400 मीटर रिले स्पर्धा जीतकर पांचवां स्वर्ण पदक जीता।

अन्य परिणामों में, श्रीलंका के योदासिंघेगे चामो ने पुरुषों की 100 मीटर दौड़ 10.30 सेकंड के समय के साथ जीती, जबकि भारत के प्रणव गौरव (10.32 सेकंड) और हर्ष राउत (10.42 सेकंड) ने क्रमशः रजत और कांस्य पदक जीता।

महिलाओं की 100 मीटर दौड़ में, श्रीलंका ने दबदबा बनाया, जिसमें मोहम्मद यामिक (11.53 सेकंड) और थानुजी अमाशा (11.72 सेकंड) ने स्वर्ण और रजत और भारत की सुदेशना शिवंकर ने 11.78 सेकंड के समय के साथ कांस्य पदक जीता।

महिलाओं की ट्रिपल जंप में श्रीलंका की हेराथ मुदियांस ने 13.36 मीटर की छलांग के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि भारत की पूर्वा सावंत (13.03 मीटर) दूसरे स्थान पर रहीं। श्रीलंका की एकनायका मुदिय शा (12.79 मीटर) ने कांस्य पदक जीता।

चैंपियनशिप के पहले दिन भारत पांच स्वर्ण, पाच रजत और दो कांस्य पदकों के साथ पदक तालिका में शीर्ष पर रहा।

यह चैंपियनशिप का चौथा संस्करण है इसमें भारत, श्रीलंका, बांग्लादेश, नेपाल, भूटान और मालदीव के लगभग 300 एथलीट 37 पदक स्पर्धाओं में भाग ले रहे हैं।

 

 

Next Post

आग हादसे की चपेट में पिता की मौत की खबर से बेखबर बेटी

Sat Oct 25 , 2025
इंदौर:एबी रोड स्थित बीआरटीएस के पास सौम्या व्हीकल के पेंट हाउस में लगी आग ने कारोबारी प्रवेश अग्रवाल और उनके परिवार की खुशियों को चीर कर रख दिया. घटना के 30 घंटे बाद भी अग्रवाल की बड़ी बेटी सौम्या हादसे के खौफनाक दृश्य से उबर नहीं पाई है और डॉक्टरों […]

You May Like