इछावर. आगे चल रही बाइक के चालक से साईड मांगना पिता- पुत्री को इतना भारी पड़ गया कि आरोपियों ने दोनों के साथ बेदर्दी से मारपीट करते हुए उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया. दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
पुलिस के बताए अनुसारपीडि़त कल्लू बामनिया का बेटा खेत से बाइक पर लौट रहा था. रास्ते में उसकी मुलाकात कैलाश से हुई, वो भी बाइक पर सवार था. कल्लू के बेटे ने कैलाश से सड़क किनारे से निकलने के लिए थोड़ी जगह मांगी, जिस पर कैलाश भड़क गया. इसके बाद कैलाश अपने दो बेटों रवि और सीताराम के कल्लू के घर पहुंच गया.तीनों आरोपियों ने कल्लू और उनकी 12 वर्षीय बेटी अनन्या पर डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. हमले में पिता-बेटी दोनों बुरी तरह घायल हो गए. बच्ची की स्थिति गंभीर होने के कारण उसे जिला अस्पताल रेफर करना पड़ा. इछावर थाना प्रभारी का कहना है कि प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश प्रारंभ कर दी गई है.
