
बैतूल।राखी के त्योहार पर घर लौट रही एक मेडिकल छात्रा की यात्रा दर्दनाक हादसे में बदल गई। मुलताई रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म क्रमांक 2 पर केरला एक्सप्रेस से उतरने की कोशिश में 19 वर्षीय युवती की मौत हो गई। भोपाल से नागपुर जा रही ट्रेन की चपेट में आने से युवती का शरीर कमर के पास से दो हिस्सों में बंट गया।
इस ट्रेन का स्टॉपेज मुलताई में नहीं है। यह ट्रेन सुबह 10 बजे यहां से गुजरती है। युवती केरला एक्सप्रेस में सवार थी और संभवत मुलताई स्टेशन पर उतरने का प्रयास कर रही थी। ट्रेन की तेज गति के कारण वह असंतुलित होकर प्लेटफॉर्म पर गिर गई और ट्रेन की चपेट में आ गई। इस हादसे में मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद जीआरपी की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। सहायक उप निरीक्षक एस अन्नीलाल ने बताया कि मृतक के पास एक काले रंग का बैग मिला। बैग पर जीकेएम नर्सिंग कॉलेज, इंदौर लिखा हुआ था। बैग से मिले आधार कार्ड से मृतका की पहचान तरुणा पिता वीरेंद्र घोरके के रूप में हुई। वह गांधी मोहल्ला, परासिया, जिला छिंदवाड़ा की निवासी थी जीआरपी पुलिस द्वारा जरूरी कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया।
