नयी दिल्ली, 08 अगस्त (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि सरकार ने उज्ज्वला योजना के तहत रसोई गैस सिलेंडर पर मिलने वाली विशेष सब्सिडी जारी रखने का फैसला किया है जिससे 10 करोड़ से अधिक परिवारों को लाभ मिलेगा।
श्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना हमारी गरीब माताओं-बहनों के जीवन में भारी बदलाव लेकर आई है। उनके हित में एक बड़ा फैसला लेते हुए हमने उन्हें एलपीजी पर मिलने वाली सब्सिडी को जारी रखने की मंजूरी दी है। इसका लाभ 10 करोड़ से ज्यादा लाभार्थी परिवारों को होगा।”
इससे पहले, श्री मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने आज उज्ज्वला योजना के तहत 300 रुपये प्रति सिलेंडर की लक्षित सब्सिडी मौजूदा वित्त वर्ष 2025-26 में जारी रखने और इसके लिए 12 हजार करोड़ रुपये के प्रावधान की मंजूरी प्रदान कर दी। हालाँकि अब साल में 12 की बजाय नौ रिफिल पर ही यह सब्सिडी दी जायेगी।
मंत्रिमंडल ने नियंत्रित मूल्य पर रसोई गैस की आपूर्ति से तेल विपणन कंपनियों को हो रहे नुकसान की भरपाई के लिए 30 हजार करोड़ रुपये की भी मंजूरी दी।
