
ब्यावरा। रक्षाबंधन को लेकर बसों, यात्री वाहनों, ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ रही. हालात यह रहे कि पैर रखने तक की जगह नहीं मिली. कई किमी का सफर लोगों ने खड़े रहकर तय किया. पर्व को लेकर शुक्रवार को बाजार में भारी भीड़ रही. मुख्य मार्गो पर दिन भर जाम की स्थिति निर्मित रही.
उल्लेखनीय कि आज रक्षाबंधन पर्व को लेकर बसों, यात्री वाहन, ट्रेनों में शुक्रवार को एकाएक भीड़ बढ़ गई. देखते ही देखते बस स्टेण्ड, रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों का जमावड़ा होने लगा. भोपाल, गुना, इंदौर, सुठालिया, राजगढ़ सहित हर रुट पर जाने वाली बसों, यात्री वाहनों में जबर्दस्त भीड़ रही.
अनफिट वाहन, जोखिम भरा सफर
इस दौरान यह देखने में आया कि कई बस, यात्री वाहन जर्जर अवस्था में होने के बावजूद इनमें क्षमता से दोगुना सवारियों को ले जाया गया. जितनी सवारी सीट पर बैठी थी उससे कहीं अधिक सवारी खड़े हुए थी. तेज रफ्तार से भागते अनफिट वाहनों में इतनी अधिक सवारियां होने से जाखिम भरा सफर लोगों ने तय किया. हालांकि यात्रियों के समक्ष भारी भीड़ के चलते जगह नहीं मिल पाने की समस्या रही. जिसके चलते मजबूरी में लोगों ने जोखिम भरे हालातों में सफर तय किया.
ऑटो, दुपहिया वाहनों से पहुंचे
बस, ट्रेनों में जगह नहीं मिलने तथा अर्जेंट में राखी पर्व पर अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए कई लोग दूर दराज क्षेत्रों तक ऑटो व अन्य वाहन किराए पर लेकर गये. दुपहिया वाहनों से भी बड़ी संख्या में लोग अपने गंतव्य तक पहुंचे. हाईवे एवं अन्य रुट पर बड़ी संख्या में ऑटो, दुपहिया वाहन सडक़ो पर दौड़ते नजर आये.
ट्रेनों में रही भारी भीड़
कुछ यही हाल टे्रनों में रहा. इंदौर, उज्जैन, गुना तरफ से आने वाली ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ रही. ट्रेनों में भी यात्रियों को खड़े होने तक की जगह नहीं मिली. इन हालातों में जिसको खड़े होने तक की जगह मिल गई वह अपने आप को काफी राहत महसूस कर रहा था.
जाम में फंसे रहे स्कूल वाहन
पर्व को लेकर रही भारी भीड़ के चलते शुक्रवार को दिन भर जाम लगता रहा. पुराना ए.बी.रोड पर पीपल चौराहा से पुराना बस स्टेण्ड, गुड चौराहा, राजगढ़ रोड, मेन मार्केट, सुठालिया रोड, सुठालिया बायपास रोड आदि मुख्य मार्गो पर दिन भर जाम लगता रहा. वाहनों की लम्बी कतारे लग गई. कई स्कूल वाहन, एम्बुलेंस जाम में फंसे रहे. जाम के कारण काफी दिक्कतों का सामना नागरिकों को करना पड़ा.
.
