शेयर बाजारों में चौतरफा बिकवाली, सेंसक्स तीन महीने के निचले स्तर पर

मुबंई, 08 अगस्त (वार्ता) अमेरिका द्वारा भारत पर 25 प्रतिशत अतिरिक्त आयात शुल्क और इतना ही जुर्माना लगाने के कारण घरेलू शेयर बाजारों में शुक्रवार को भारी बिकवाली रही जिससे प्रमुख सूचकांक लगभग एक प्रतिशत लुढ़ककर तीन महीने के निचले स्तर पर आ गये।
बीएसई का सेंसेक्स 765.47 अंक यानी 0.95 प्रतिशत गिरकर 79,857.79 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 भी 0.95 प्रतिशत की गिरावट में रहा और 232.85 अंक उतरकर 24,363.30 अंक पर आ गया। यह दोनों सूचकांकों का इस साल 09 मई के बाद का निचला स्तर है।
निवेशक आज शुरू से ही बिकवाल रहे। सेंसेक्स गुरुवार की तुलना में 145.25 अंक नीचे 80,478.01 अंक पर खुला और पूरे दिन लाल निशान में रहा। यह ऊपर 80,550.40 अंक और नीचे 79,775.84 अंक तक गया।
निफ्टी-50 भी 51.90 अंक टूटकर 24,544.25 अंक पर खुला। इसका उच्चतम स्तर 24,585.50 अंक और निचला स्तर 24,337.50 अंक रहा।
अमेरिकी आयात शुल्क की चिंता में विदेशी निवेशक शेयर बाजार में लगातार बिकवाल बने हुये हैं। उन्होंने आज 62.944 करोड़ डॉलर की इक्विटी बेची।
बाजार में सभी सेक्टरों में बिकवाली देखी गयी। रियलिटी, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, धातु, फार्मा, ऑटो और आईटी समूहों ने बाजार पर सबसे ज्यादा दबाव बनाया।
सेंसेक्स की 30 में से 25 कंपनियों के शेयर लाल निशान में बंद हुये। भारती एयरटेल का शेयर 3.41 प्रतिशत टूट गया। टाटा मोटर्स, कोटक महिंद्रा बैंक और महिंद्रा एंड महिंद्रा में भी दो प्रतिशत से अधिक की गिरावट रही। एक्सिस बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, अडानी पोर्ट्स, एशियन पेंट्स, अल्ट्राटेक सीमेंट, एचडीएफसी बैंक और टाटा स्टील के शेयर एक से दो प्रतिशत के बीच गिरे।
वहीं, एनटीपीसी का शेयर सबसे अधिक 1.39 प्रतिशत और टाइटन का 1.33 प्रतिशत की बढ़त में बंद हुआ। इनके अलावा, ट्रेंट, आईटीसी और बजाज फिनसर्व में भी तेजी रही।
एनएसई में 100 शेयरों पर आधारित निफ्टी-100 सूचकांक एक प्रतिशत गिर गया। मझौली और छोटी कंपनियों में अधिक गिरावट रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 1.55 प्रतिशत और निफ्टी स्मॉलकैप-100 सूचकांक 1.49 प्रतिशत लुढ़क गया।
विदेशों में मिला-जुला रुख रहा। एशिया में जापान का निक्केई 1.85 प्रतिशत की बढ़त में बंद हुआ। हांगकांग का हैंगसेंग 0.89 प्रतिशत और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.12 प्रतिशत की गिरावट में रहा। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 0.21 प्रतिशत और ब्रिटेन का एफटीएसई 0.10 प्रतिशत की गिरावट में कारोबार कर रहे थे।
अजीत जितेन्द्र

Next Post

रसोई गैस की सब्सिडी के लिए 42,000 करोड़ रुपये मंजूर

Fri Aug 8 , 2025
नयी दिल्ली, 08 अगस्त (वार्ता) केंद्रीय मंत्रिमंडल ने दो अलग-अलग फैसलों में रसोई गैस (एलपीजी) सब्सिडी के लिए कुल 42,000 करोड़ रुपये के प्रस्तावों को मंजूरी दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में दोनों प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की गयी। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण […]

You May Like