इंदौर:ऑपरेशन मुस्कान के तहत हीरानगर पुलिस ने घर के बाहर खेलते समय लापता हुई पांच वर्षीय बालिका को महज कुछ घंटों में तलाश कर परिजनों से मिलवा दिया.
शहर में अपहृत व गुमशुदा बच्चों की तलाश को प्राथमिकता दी जा रही है, जिसके तहत हीरानगर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एक पांच वर्षीय बच्ची को कुछ ही घंटों में ढूंढ कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया.
घटना बुधवार रात की है, जब इंदौर निवासी प्रमोद परिवर्तित नाम उम्र 29 वर्ष, ने थाने में सूचना दी कि उनकी बेटी गुड़िया परिवर्तित नाम घर के पास खेलते समय अचानक गायब हो गई है और काफी देर बाद भी घर नहीं लौटी. सूचना मिलते ही थाना हीरानगर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल गुमशुदगी दर्ज की और सर्च ऑपरेशन शुरू किया.
हीरानगर थाना प्रभारी पप्पूलाल शर्मा ने बताया कि उपनिरीक्षक शिवराज सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसने बच्ची की तलाश के लिए इलाके के संदिग्ध स्थानों पर दबिश दी. साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए और आसपास के लोगों से पूछताछ की गई. पुलिस की लगातार कोशिशों के चलते कुछ ही घंटों में बच्ची को सुरक्षित दस्तयाब कर लिया. उसे थाने लाकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद माता-पिता के सुपुर्द कर दिया है.
