सीहोर। नगर पालिका की पीआईसी प्रेसिडेंट-इन-काउंसिल की बैठक नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर की अध्यक्षता में संपन्न हुई. बैठक में शहर के विकास से जुड़े 52 महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वस मति से स्वीकृत किए गए. बैठक में शहर के विभिन्न वार्डों में सड़क, खेल एवं जनसुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों को हरी झंडी दी गई.
बैठक में वार्ड 2 देवनगर कॉलोनी में सीसी रोड़ निर्माण के लिए 31 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई. इसी प्रकार वार्ड 4 में टाउन हॉल बस स्टैंड के समीप आधुनिक बास्केटबॉल ग्राउंड के निर्माण के लिए 16 लाख 17 हजार रुपए की मंजूरी दी गई, जिससे शहर के युवाओं और खिलाडिय़ों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी. वार्ड 7 में मुरली रोड़ से क्यूलटोली रोड़ होते हुए शासकीय स्कूल तक डामरीकरण कार्य के लिए 39 लाख 60 हजार रुपए स्वीकृत किए गए. वार्ड 21 की अवधपुरी कॉलोनी में शर्मा के घर से पशुपतिनाथ मंदिर होते हुए इंदौर-भोपाल मुख्य मार्ग तक सीसी रोड निर्माण के लिए 16 लाख 70 हजार रुपए की मंजूरी दी गई. वार्ड 34 में जूनियर वाड़ी क्षेत्र में बड़ा मस्जिद से जूनियर वाड़ी डीपी तक सीसी रोड़ निर्माण कार्य के लिए 37 लाख 90 हजार रुपए स्वीकृत किए गए. इसके अलावा शहर की आस्था और पर्यटन को ध्यान में रखते हुए सीवन नदी के महिला घाट पर नदी किनारे घाट निर्माण के लिए 29 लाख 64 हजार रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई.
नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि नपा का उद्देश्य केवल सड़कें बनाना नहीं, बल्कि सीहोर को एक आधुनिक, सुविधायुक्त और सर्वांगीण विकसित शहर बनाना है. उन्होंने कहा बच्चों के लिए बास्केटबॉल ग्राउंड, महिला घाट पर निर्माण तथा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण सड़क निर्माण इसी संकल्प का हिस्सा है. नपा बिना किसी भेदभाव के सभी वार्डों में समान रूप से विकास कार्य करा रही है और आने वाले समय में भी जनहित के अनेक कार्य तेजी से किए जाएंगे. नगर लगातार विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है. नपा का लक्ष्य प्रत्येक वार्ड तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना और नागरिकों को बेहतर शहरी वातावरण उपलब्ध कराना है. पीआईसी की बैठक में मुख्य नगरपालिका अधिकारी सुधीर सिंह, कार्यपालन यंत्री विजय कोहली, अमित यादव, सभापति, पार्षद, इंजीनियर तथा अधिकारी एवं नपा के कर्मचारी उपस्थित थे.
