
इंदौर. ऑल इंडिया मोटर एंड गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के शिष्टमंडल ने वाणिज्यिक कर विभाग के आयुक्त धनराजू एस आईएएस से इंदौर में मुलाकात कर ट्रांसपोर्ट कारोबार से जुड़ी समस्याएं रखीं. शिष्टमंडल ने राज्य में ट्रकों को अनावश्यक रोकने, दस्तावेज पूरे होने के बावजूद अवैध वसूली, मोबाइल जब्ती और धमकाने जैसी घटनाओं की शिकायत की.
उन्होंने सुझाव दिया कि यदि माल में त्रुटि मिले तो दायित्व व्यापारी का तय हो, ट्रांसपोर्टर का नहीं. ऐसी स्थिति में ट्रक को रोके बिना माल की सुपुर्दगी देकर कार्रवाई की जाए, जिससे व्यापार बाधित न हो. आयुक्त ने सभी मुद्दे गंभीरता से सुनते हुए माना कि विभागीय स्तर पर कुछ खामियां हैं और जल्द ही सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने यह भी माना कि रेलवे व बसों से बिना दस्तावेज माल की ढुलाई हो रही है, जिस पर शीघ्र अभियान चलेगा. शिष्टमंडल में अध्यक्ष राजेन्द्र कपूर, महासचिव देवेन्द्र सिंह, अरबिंदर सिंह, सुरेश आहूजा, अरुण बंसल व गुलशन कुमार शामिल थे.
