नयी दिल्ली , 7 अगस्त (वार्ता) खनन क्षेत्र के दिग्गज वेदांता समूह के प्रमुख अनिल अग्रवाल में कहा है कि भारत में महत्वपूर्ण खनिजों के उत्पादन में अग्रणी बनने की क्षमता है।
वेदांता लि. के अध्यक्ष श्री अग्रवाल ने यह बात ऐसे समय कही है जबकि दुनिया भर की सरकारें चीन पर निर्भरता कम करने के प्रयास में महत्वपूर्ण खनिजों के उत्पादन के लिए सहयोग बढ़ा रही हैं। चीन वर्तमान में वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं पर हावी है।
श्री अग्रवाल एक सोशल मीडिया पोस्ट में महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्र में इस प्रवृत्ति पर प्रकाश डालते हुए कहा, “ ऑस्ट्रेलिया से लेकर अमेरिका तक, सरकारें महत्वपूर्ण खनिजों के उत्पादन का सक्रिय रूप से समर्थन कर रही हैं। इस क्षेत्र में चीन के प्रभुत्व को कम करने की होड़ जारी है।”
उन्होंने कहा किइस वैश्विक होड़ के बीच भारत की विशाल भूगर्भीय संपदा देश को महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्र में एक प्रमुख खिलाड़ी के रूप में स्थापित करती है।
श्री अग्रवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा “ अपने समृद्ध भूगर्भीय संसाधनों के साथ, भारत में महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्र में अग्रणी देश बनने की पूरी क्षमता है।”
उन्होंने कहा कि नीतिगत समर्थन, निजी क्षेत्र के निवेश और नवाचार के सही मिश्रण के साथ, भारत में इस उच्च-मूल्य, उच्च-दांव वाले क्षेत्र में एक विश्वसनीय, दीर्घकालिक आपूर्तिकर्ता बनने के लिए सभी आवश्यक तत्व मौजूद हैं।

