न्यायालय की टिप्पणी को लेकर भाजपा राहुल गांधी पर हमलावर

नयी दिल्ली, 4 अगस्त (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस के नेता राहुल गांधी पर उच्चतम न्यायालय की सोमवार की टिप्पणी को लेकर उनपर तीखा हमला बोला और आरोप लगाया कि विपक्ष के नेता ने भारत को कमजोर करने और चीन को मजबूत करने की कसम खाई है।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने यहां भाजपा मुख्यालय पर संवाददाता सम्मेलन में कहा कि श्री गांधी और और उनकी पार्टी को देश के सशस्त्र बलों से चिढ़ है। ऐसा लगता है कि वे विदेशी ताकतों के रिमोट कंट्रोल से संचालित हो रहे हैं।

श्री भाटिया ने संवाददाताओं से कहा कि राहुल लगातार बचकानी, गैर-जिम्मेदार और भारत विरोधी टिप्पणियां करते हैं, जिसके लिए विभिन्न अदालतों ने उनसे नाखुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता ने चीन की कम्युनिस्ट पार्टी के साथ पार्टी के स्तर के समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। उन्होंने कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष और राज्य सभा सदस्य सोनिया गांधी और चीन के नेता शी जिनपिंग की मौजूदगी में राहुल की दस्तावेज पर एक दस्तखत की गई तस्वीर दिखाते हुए कहा, ‘राहुल गांधी देश के लोगों को यह नहीं बताते कि उस करार में क्या है। पर यकीनन उन्होंने करार किया है कि वह भारत को कमजोर और चीन को मजबूत करेंगे। ” उन्होंने कहा कि इसी लिए जब डोकलाम और गलवान घाटी जैसे मुद्दों पर देश की जनता भारत की सेनाओं के साथ खड़ी थी तो श्री गांधी चीनी सैनिकों का समर्थन करते थे।

उल्लेखनीय है कि गांधी के खिलाफ लखनऊ की एक विशेष अदालत में सेना के बारे में कथित रूप से आपत्ति जनक बयान से जुड़े आपराधिक मानहानि की कार्यवाही पर उच्चतम न्यायालय की एक पीठ ने सोमवार को रोक लगा दी पर कांग्रेस नेता को फटकार भी लगायी।

न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता और न्यायमूर्ति ऑगस्टाइन जॉर्ज मसीह की पीठ ने सवाल किया कि वह (राहुल गांधी) ऐसे मुद्दे संसद के बजाय सोशल मीडिया पर क्यों उठा रहे हैं। पीठ ने उन्हें आगाह करते हुए कहा, “अगर आप सच्चे भारतीय हैं तो आपको ऐसी बातें नहीं कहनी चाहिए थीं।”

 

Next Post

बिलासपुर-झारसुगुड़ा के बीच चौथी रेलवे लाइन परियोजना पर तेजी से काम

Mon Aug 4 , 2025
बिलासपुर 04 अगस्त (वार्ता) दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (एसईसीआर) अधोसंरचना विकास के लिए अनेक परियोजनाओं पर कार्य कर रहा है जिसमें बिलासपुर-झारसुगुड़ा के बीच चौथी रेलवे लाइन परियोजना सबसे महत्वपूर्ण है । बिलासपुर – झारसुगुड़ा एक व्यस्त रेल मार्ग है, जो इस पूरे क्षेत्र को उत्तर एवं दक्षिण भारत से […]

You May Like