
छतरपुर। नगर में सोमवार दोपहर गर्ल्स कॉलेज परिसर में उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ता प्रदर्शन करने पहुंचे। यह घटना 23 फरवरी करीब 12:30 बजे की है।
परिषद के कार्यकर्ता कॉलेज में कथित अनियमितताओं और प्राचार्य को निलंबित करने की मांग को लेकर कॉलेज पहुंचे थे। इसी दौरान पुलिस बल भी मौके पर मौजूद था। प्रदर्शन के दौरान नारेबाजी हुई और हालात बिगड़ने पर पुलिस और परिषद कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी बहस और झड़प देखी जा सकती है। हालांकि किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति को नियंत्रण में ले लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। वहीं विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया है कि उनकी शांतिपूर्ण मांग को दबाने का प्रयास किया गया।
