महाराष्ट्र : मुंबई के ताज होटल को मिली बम से उड़ाने की धमकी, जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला

मुंबई, (वार्ता) दक्षिण मुंबई स्थित प्रसिद्ध ताज महल पैलेस होटल को रविवार दोपहर बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हाई अलर्ट पर रख दिया गया था।

मुंबई पुलिस ने व्यापक सुरक्षा जांच अभियान चलाया, लेकिन कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली और बाद में इस धमकी को फर्जी घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, एक अज्ञात व्यक्ति ने नवी मुंबई पुलिस नियंत्रण कक्ष में फोन कर दावा किया था कि आतंकवादी ताज होटल को निशाना बनायेंगे।

इसके बाद मुंबई पुलिस को तुरंत सूचित किया गया, जिसने त्वरित कार्रवाई की। बम पहचान एवं निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। होटल के प्रवेश और निकास द्वार बंद कर दिये गये, मेहमानों एवं कर्मचारियों की जांच की गयी तथा होटल के भीतर और आसपास के इलाकों में सघन तलाशी ली गयी।

कोलाबा और आसपास के अन्य व्यावसायिक क्षेत्रों में भी सुरक्षा बढ़ा दी गयी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, “होटल और उसके आसपास व्यापक तलाशी ली गयी, हालांकि कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।”

अधिकारियों ने बाद में इस धमकी को अफवाह बताया। सघन तलाशी के बाद होटल में सामान्य कामकाज फिर से शुरू हो गया।

पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि फोन किसने किया था।

उल्लेखनीय है कि 26/11 के मुंबई आतंकी हमलों के दौरान ताज महल पैलेस होटल प्रमुख निशानों में से एक था।

पिछले कुछ महीनों में मुंबई पुलिस को मुंबई हवाई अड्डे और ताज होटल के लिए इसी तरह के फर्जी धमकी भरे ईमेल भी मिले हैं, जो सभी जांच में झूठे साबित हुए।

एहतियात के तौर पर शहर के सभी पांच सितारा होटलों में सुरक्षा बढ़ा दी गयी है।

 

Next Post

एशियन अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत ने 16 पदक जीते

Mon Jul 13 , 2026
ओर्डोस (चीन) (वार्ता) भारतीय एथलीटाे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एशियन अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 में तीन स्वर्ण, चार रजत और नौ कांस्य सहित कुल 16 पदक जीते। नौ से 12 जुलाई तक चली इस पहली अंडर 23 कॉन्टिनेंटल मीट में लगभग 50 भारतीय एथलीटों ने ट्रैक और फील्ड की […]

You May Like