मुंबई, 04 अगस्त (वार्ता) वैश्विक बाजारों में कमजोरी के बावजूद भारतीय शेयर बाजारों ने सप्ताह के पहले दिन सोमवार को मजबूती दिखायी और बीएसई का 30 प्रमुख शेयरों वाला सेंसेक्स 418.81 अंक यानी 0.52 प्रतिशत की बढ़त के साथ 81,018.72 अंक और एनएसई का निफ्टी-50 भी 157.40 अंक (0.64 प्रतिशत) सुधरकर 24,722.75 अंक पर बंद हुआ।
स्थानीय बाजारों में धातु, वाहन, मीडिया, निर्माण और आईटी कंपनियों के शेयरों में निवेशकों का विश्वास बढ़ा हुआ था जबकि बैंकिंग क्षेत्र के शेयरों में मिला-जुला रुख दिखा।
बीएसई के 30 में से 26 शेयर लाभ और चार हानि में बंद हुए। लाभ में रहे प्रमुख शेयरों में टाटा मोटर्स में 4.31 प्रतिशत, बीईएल में 3.55 प्रतिशत, अडानी पोर्ट्स में 3.24 प्रतिशत और टेक महिंद्रा में 2.53 प्रतिशत की अच्छी तेजी दर्ज की गयी। टीसीएस, भारती एयरटेल, एचसीएल टेक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, ट्रेंट, रिलायंस इंडस्ट्रीज, टाटा मोटर्स तथा मारुति सुजुकी भी लाभ में रहे। एक्सिस बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक और स्टेट बैंक में भी हल्की तेजी रही।
इसके विपरीत, पावर ग्रिड 1.10 प्रतिशत टूट गया। एचडीएफसी बैंक में करीब एक प्रतिशत और आईसीआईसीआई बैंक में 0.60 प्रतिशत की गिरावट रही। हिंदुस्तान यूनीलिवर लीवर में 0.25 प्रतिशत घाटे में रहा।
सेंसेक्स सुबह 80,765.83 अंक पर तेजी की धारणा के साथ खुला और बीच में ऊपर में 81,093.19 तथा नीचे में 80,500.51 तक गया था। पिछले सप्ताहांत यह 80,599.91 अंक पर बंद हुआ था।
निफ्टी-50 सुबह 24,596.05 अंक पर खुलने के बाद नीचे 24,554 अंक और ऊपर 24,736.25 अंक तक जाने के बाद अंत में 24,722.75 अंक पर बंद हुआ जो पिछले बंद से 157.40 (0.64 प्रतिशत) अधिक है। निफ्टी बैंक पिछले स्तर पर बना रहा जबकि अपेक्षाकृत व्यापक बाजार का प्रतिनिधित्व करने वाले निफ्टी-100 में 0.72 प्रतिशत का सुधार दर्ज किया गया।
एनएसई में कुल 3,093 शेयरों में खरीद-फरोख्त हुई जिनमें से 1,833 लाभ में और 1,168 हानि में बंद हुए। वहीं, 92 कंपनियों के शेयरों के भाव पिछले स्तर पर बने रहे।

