भोपाल, 03 अगस्त (वार्ता) केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मूंग खरीद की समय सीमा को बढ़ा दिया गया है।
श्री चौहान ने अपने संसदीय क्षेत्र रायसेन के अतिवृष्टि प्रभावित क्षेत्र के भ्रमण के दौरान पीड़ित किसानों से मुलाकात की और उन्हें भरोसा दिलाया कि सरकार इस संकट की घड़ी में उनके साथ खड़ी है। पीड़ित किसानों की हरसंभव मदद की जायेगी।
उन्होंने इस दौरान कहा कि मूंग खरीद की समय सीमा पहले समाप्त हो चुकी थी, लेकिन केंद्र सरकार ने इसे बढ़ाकर अब 10 अगस्त तक कर दिया है, जिससे किसानों को बड़ी राहत मिली है।
उन्होंने कहा कि एक क्विंटल मूंग पर केंद्र सरकार 2,000 रुपये की सहायता दे रही है, ताकि किसानों को उनकी उपज का समुचित मूल्य मिल सके। उन्होंने कुछ असामान्य गतिविधियों पर चिंता जताते हुए कहा कि उन्हें यह जानकारी मिली है कि कई जगह सर्वेयर गड़बड़ी कर रहे हैं। यह बहुत गंभीर विषय है। अगर कहीं वेयरहाउस या सर्वेयर स्तर पर कोई भ्रष्टाचार हो रहा है, तो तुरंत शिकायत करें सरकार पूरी सख़्ती से कार्रवाई करेगी।
उन्होंने किसानों से अपील की कि वे सतर्क रहें और किसी भी तरह की अनियमितता या शोषण को बर्दाश्त न करें। उन्होंने कहा, “ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सोच किसानों को सशक्त करने की है, तो फिर बीच में रुकावटें क्यों आयें? ये सर्वेयर बीच में कैसे आ गये? हम ये नहीं होने देंगे। हर किसान तक उसका हक़ पहुंचे, यही हमारा संकल्प है। कोई भी किसान मूंग बेचने से वंचित न रहे यही हमारी प्राथमिकता है।”
