इंदौर: भाजपा की नगर कार्यकारिणी घोषित होने के तीन घंटे बाद ही कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन हो गया. खाती समाज की उपेक्षा को लेकर जीतू जिराती समर्थकों ने जमकर नारेबाजी कर नगर अध्यक्ष मिश्रा के पोस्टर पर कालिख पोती दी. साथ ही कार्यालय में उनकी नेम प्लेट और दरवाजे पर भी कालिख पोती गई.भाजपा में आज दरी उठाने और जमीनी कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट गया. नगर कार्यकारिणी घोषित होने के तीन घंटे बाद ही कार्यालय पर सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया. नई कार्यकारिणी में नेताओं के समर्थकों को महत्व दिया गया है.
बताया जा रहा है कि जीतू जिराती समर्थक और खाती समाज के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पवन चौधरी ने खाती समाज के निलेश चौधरी और मनोज चौधरी को कार्यकारिणी में स्थान नहीं दिए जाने को लेकर प्रदर्शन और खूब नारेबाजी की. इतना ही नहीं कार्यालय के बाहर लगे पोस्टर पर नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा के फोटो पर कालिख पोती दी. इसके बाद मिलाप मिश्रा ने कार्यालय में मिश्रा के कमरे के बाहर लगी नेम प्लेट और दरवाजे पर कालिख पोती. प्रत्यक्षदर्शी लोगों का कहना है कि मिलाप नशे में धुत्त थे और किसी को नहीं पहचान रहे थे.
समाज की उपेक्षा
खाती समाज के पवन चौधरी ने कहा कि समाज भाजपा को वोट करता है और उस समाज को प्रतिनिधित्व नहीं दिया गया. कांग्रेस ने जीतू पटवारी को प्रदेश अध्यक्ष बनाया और भाजपा में नगर कार्यकारिणी में स्थान नहीं देना पूरे खाती समाज की उपेक्षा है. आगामी चुनाव में खाती समाज कांग्रेस को समर्थन देगा और भाजपा को राऊ से अब हार का सामना करना पड़ेगा.
