
नाहरगढ़। लगातार हो रही बारिश से बिल्लोद-नाहरगढ़ के बीच शिवना नदी पर बने पुल पर रविवार शाम से आवागमन बंद है। दोनों छोर पर वाहनों की लंबी कतारें लगी हैं और पुलिस, चौकीदार तथा लोक निर्माण विभाग के कर्मचारी मौके पर तैनात हैं। अनुमान है कि स्थिति मंगलवार सुबह तक सामान्य हो सकती है। उधर, नाहरगढ़ से मंदसौर मंडी मार्ग पर पाल्या मारू की तुम्बड नदी का रपट पुल भी रविवार शाम से बंद है। आमजन का कहना है कि पिछले वर्ष इस पुल पर चार लोगों की मौत के बाद भी गड्ढों की मरम्मत और रेलिंग लगाने का काम नहीं हुआ। क्षतिग्रस्त पुल हादसों को न्यौता दे रहा है। लोग जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से तत्काल ध्यान देने की मांग कर रहे हैं।
