नयी दिल्ली, 03 अगस्त, (वार्ता) यश ढुल (नाबाद 101) की शानदार शतकीय पारी की बदौलत सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स को दिल्ली प्रीमियर लीग में रविवार को आठ विकेट से हरा दिया ।
अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गये मुकाबले में 175 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सेंट्रल दिल्ली किंग्स के ढुल ने शानदार बल्लेबाजी का मुजाहिरा करते हुए केवल 56 गेंदों पर आठ चौकों और सात छक्कों की मदद से नाबाद 101 रन बनाए। उनकी संयमित लेकिन आक्रामक पारी ने सेंट्रल दिल्ली को लक्ष्य तक आसानी से पहुंचा दिया। यश का यह शतक डीपीएल 2025 का पहला शतक है। युगल सैनी ने शीर्ष क्रम में अहम भूमिका निभाई और 24 गेंदों पर 36 रन बनाये। कप्तान जोंटी सिद्धू ने 19 गेंदों पर नाबाद 23 रनों की पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई।
इससे पहले बल्लेबाजी करते हुए नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने भी 20 ओवरों में सात विकेट पर 174 का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया। सार्थक रंजन ने 60 गेंदों पर 82 रनों की तेज पारी खेली और अर्नव बुग्गा ने 43 गेंदों पर 67 रनों की पारी खेलकर टीम को गति दी। दोनों की साझेदारी ने एक मजबूत नींव रखी और क्लीन हिटिंग और स्मार्ट स्ट्रोक प्ले के मिश्रण से दर्शकों का मनोरंजन किया।
