नयी दिल्ली, 03 अगस्त (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में बीते सप्ताह चावल और गेहूँ के औसत भाव बढ़ गये। गुड़ और चीनी में भी साप्ताहिक तेजी रही। वहीं, दालों और खाद्य तेलों में उतार-चढ़ाव देखा गया।
घरेलू थोक बाजारों में सप्ताह के दौरान चावल की औसत कीमत नौ रुपये चढ़कर सप्ताहांत पर 3,805.37 रुपये प्रति क्विंटल पर रही। गेहूँ भी नौ रुपये महँगा होकर 2,839.49 रुपये प्रति क्विंटल के भाव बिका। आटे की कीमत 18 रुपये बढ़ी और यह 3,301.10 रुपये प्रति क्विंटल हो गया गया।
सरसों तेल के दाम में औसतन 260 रुपये की जबरदस्त साप्ताहिक तेजी देखी गयी। मूँगफली तेल की कीमत 99 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ी। वनस्पति 10 रुपये महँगा हुआ। अन्य खाद्य तेलों में नरमी रही। सप्ताह के दौरान सोया तेल में पाँच रुपये प्रति क्विंटल की गिरावट रही। सूरजमुखी तेल छह रुपये और पाम ऑयल 12 रुपये प्रति क्विंटल की फिसल गया।
बीते सप्ताह दाल-दलहनों के औसत दाम में भी उतार-चढ़ाव देखा गया। दलहन बाजार में चना दाल औसतन 58 रुपये प्रति क्विंटल महँगी हुई। मसूर दाल में भी 51 रुपये की बढ़त दर्ज की गयी। वहीं, तुअर दाल में 40 रुपये प्रति क्विंटल की साप्ताहिक गिरावट दर्ज की गयी। उड़द दाल करीब 14 रुपये और दाल मूँग 11 रुपये प्रति क्विंटल टूट गयी।
गुड़-चीनी : बाजार में गुड़ के औसत भाव 48 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गये। चीनी भी चार रुपये प्रति क्विंटल महँगी हुई।
