सीहोर. लंबे समय से इंतजार कर रहे सीहोरवासियों के लिए अच्छी खबर है। सीहोर हाईवे पर तैयार हो रहे रेल इंजन कारखाने का काम अंतिम चरणों में चल रहा है. सब कुछ ठीक रहा तो एक माह के अंतराल में इस कारखाने का शुभारंभ हो सकता है. इसके लिए दौलतराम इंडस्ट्रीज 24 घंटे काम कर रही है.
बताया जाता है कि कारखाने में मशीनों को फिट किया जा रहा है। वहीं बाहरी इन्फ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जा रहा है.कंट्रोल रूम से लेकर ऑपरेशन रूम बन रहे हैं. हाल ही में दौलतराम कंपनी के अधिकारियों की टीम ने पूरे कारखाने का भी जायजा लिया.
जिला मुख्यालय से करीब शेरपुर में लगभग 15 साल पहले देखा गया डीजल रेल इंजन कारखाने का सपना अब साकार होने जा रहा है. उम्मीद जताई जा रही है कि शीघ्र ही दौलतराम इंडस्ट्रीज के इस कारखाने का शुभारंभ हो सकता है. इस कारखाने से सीहोर के युवाओं को रोजगार मिलेगा तो वहीं व्यापार में भी इजाफा होगा. गौरतलब है कि इस प्रोजेक्ट की आधार शिला तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रखी थी. प्रोजेक्ट के लिए सरकार ने ग्राम शेरपुर में 25 एकड़ जमीन उपलब्ध करवाई है. हालांकि शेरपुर क्षेत्र इछावर विधानसभा में आता है, लेकिन इछावर शहर से इसकी दूरी 25 किलोमीटर है। इसलिए इसका सीधा फायदा सीहोर को मिलेगा.
बताया जाता है कि यह प्रोजेक्ट करीब 200 करोड़ रुपए से अधिक का है. दौलतराम इंडस्ट्रीज इसमें डीजल और इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव्स एवं पाट्र्स मैन्युफैक्चरिंग यूनिट लगा रही है. साल 2010 में 23 अक्टूबर को खजुराहो समिट में इस प्रोजेक्ट का सरकार के साथ करार हुआ था. इसमें 151.75 करोड़ रुपए का स्थायी पूंजी निवेश व 53.25 करोड़ रुपए की कार्यशील पूंजी का प्रस्ताव था.
