नयी दिल्ली, 02 अगस्त (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में शुक्रवार को चावल के दाम टूट गये जबकि गेंहूँ की कीमतों में स्थिरता रही। चीनी सस्ती और गुड़ महँगा हुआ। दालों में भी नरमी रही। वहीं, खाद्य तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव देखा गया।
घरेलू थोक जिंस बाजारों में चावल की औसत कीमत 19 रुपये घटकर 3,805.37 रुपये प्रति क्विंटल पर आ गयी। गेहूँ 2,839.49 रुपये प्रति क्विंटल पर लगभग स्थिर रहा। आटा 11 रुपये चढ़कर 3,301.10 रुपये प्रति क्विंटल के भाव बिका।
सरसों तेल औसतन 112 रुपये प्रति क्विंटल महँगा हुआ। मूंगफली तेल करीब 168 रुपये प्रति क्विंटल फिसल गया। सोया तेल करीब 14 रुपये चढ़ा जबकि वनस्पति छह रुपये प्रति क्विंटल की गिरावट में रही। सूरजमुखी तेल 16 रुपये और पाम ऑयल करीब 29 रुपये प्रति क्विंटल महँगा हुआ।
दाल-दलहनों में मसूर दाल में औसतन 30 रुपये प्रति क्विंटल की नरमी रही। चना दाल 30 रुपये प्रति क्विंटल टूट गया। तुअर दाल 107 रुपये प्रति क्विंटल और दाल मूंग आठ रुपये प्रति क्विंटल की गिरावट में रही। उड़द दाल 50 रुपये प्रति क्विंटल से ज्यादा सस्ती हुई।
गुड़-चीनी : बाजार में गुड़ के औसत भाव करीब नौ रुपये प्रति क्विंटल बढ़े। वहीं, चीनी आठ रुपये प्रति क्विंटल सस्ती हुई।
