
ग्वालियर। भगवान के दर्शन करने मंदिर पहुंची कारोबारी की बुजुर्ग मां के गले से महिला चोर सोने का मंगलसूत्र लेकर पार हो गई. घटना कोटेश्वर महादेव मंदिर परिसर में घटी. घटना का पता चलते ही बुजुर्ग महिला ने शोर मचाया पर तब तक महिला चोर जा चुकी थी.घटना के सीसीटीवी कैमरे के फुटेज सामने आए हैं.
वीडियो में बुजुर्ग भगवान का अभिषेक कर रही हैं, तब एक अन्य महिला दुपट्टा डालते और फिर जमीन से मंगलसूत्र उठाते नजर आ रही है. फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया है. फरियादी महिला नौमहला घासमंडी की सुशीला राय हैं. वह चार दिन पहले कोटेश्वर महादेव मंदिर दर्शन करने गई थीं.
सीएसपी रोबिन जैन का कहना है कि चोरी का मामला दर्ज कर लिया है. कैमरे के फुटेज के आधार पर महिला चोरी की तलाश की जा रही है. जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
