सीहोर। शनिवार का दिन जिले के लिए ऐतिहासिक साबित होगा, जब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बडियाखेड़ी औद्योगिक क्षेत्र में 1406 करोड़ रुपये निवेश की औद्योगिक इकाइयों का भूमिपूजन करेंगे. दोपहर 12 बजे आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री चार प्रमुख औद्योगिक परियोजनाओं की नींव रखेंगे, जिससे जिले में 854 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा.
इनमें वान्यावेदा ग्रीन्स द्वारा झिलेला में 115 करोड़ के निवेश से फूड प्रोसेसिंग यूनिट, बारमॉल्ट माल्टिंग इंडिया द्वारा 400 करोड़ की लागत से देश की सबसे बड़ी माल्ट निर्माण इकाई, सीजी पावर द्वारा 888 करोड़ की लागत से एशिया की सबसे बड़ी ट्रांसफार्मर फैक्ट्री और श्रीकृष्णा इंडस्ट्रीज द्वारा 3 करोड़ के निवेश से बेवरेज निर्माण इकाई शामिल है.
मुख्यमंत्री 6 अन्य औद्योगिक इकाइयों को भूमि आवंटन के आशय पत्र भी सौंपेंगे. इनमें आरटीडीबी इंडस्ट्रीज, स्वाति सोनी, संजय कुमार, अमित मूंदड़ा, प्रकाश पैकेजिंग और आरना वेंचर्स शामिल हैं.इनसे 33.85 करोड़ रुपए का निवेश और 311 रोजगार के अवसर पैदा होंगे.
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ विधायक सुदेश राय भी उद्योगपतियों से संवाद करेंगे. विधायक राय पहले से ही क्षेत्र में औद्योगिक विकास के लिए उद्योगपतियों को प्रोत्साहित करते आ रहे हैं.इन प्रयासों से जिले में निवेश और रोजगार की नई संभावनाएं खुल रही हैं, जिससे स्थानीय युवाओं को स्थायी रोजगार मिलेगा.
