
जबलपुर। श्रावण मास के पवित्र अवसर पर गुरुवार को चंद्रमौलेश्वर मातृ शक्ति परिवार के सानिध्य में एवं अणिमा भार्गव की अध्यक्षता में विशेष कांवड़ यात्रा निकाली गई। यह धार्मिक यात्रा ग्वारीघाट से प्रारंभ होकर चंद्रमौलेश्वर मंदिर तक पहुंची, जहां श्रद्धालु महिलाओं ने शिवलिंग पर नर्मदा जल से जलाभिषेक किया। ग्वारीघाट से नर्मदा जल भरकर महिलाओं ने ‘बोल बम’ के जयघोष के साथ यात्रा शुरू की। यात्रा में बहिनों द्वारा गीत संगीत के साथ ही जय महाकाल डमरू दल विशेष आकर्षण का केन्द्र बने एवं शिव जी की महिमा का गुणगान किया और जगह-जगह यात्रा का अलग-अलग संस्थाओं एवं रोटरी के द्वारा स्वागत किया गया।
5 किमी की यात्रा, पुष्प वर्षा से हुआ स्वागत
लगभग 5 किलोमीटर की यह पदयात्रा चंद्रमौलेश्वर मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई, जहां विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। यात्रा का विभिन्न संस्थाओं द्वारा जगह-जगह पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। साथ ही चंदमौलेश्वर परिवार के सेवा टीम द्वारा यात्रा में विशेष सहयोग प्रदान किया।
सभी सामाजिक संस्थाओं ने किया भाग
संरक्षिका अंजू भार्गव ने बताया कि ग्वारीघाट से कांवड़ यात्रा का शुभारंभ स्वामी नरसिंह दास, चैतन्यानंन्द, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, लेखराज सिंह ‘मुन्ना भैया’, माला सिंह, यामिनी सिंह, श्रद्धा दुबे, कीर्ती अभिलाष पांडे के संरक्षण में हुआ। यात्रा में शहर की सभी पार्षद बहिनों के साथ ही महिला मोर्चा एवं भारतीय जनता पार्टी और सभी सामाजिक संस्थाओं ने भाग लेने के साथ ही विशेष सहयोग प्रदान किया गया।
