जकार्ता, 31 जुलाई (वार्ता) इंडोनेशिया, जापान और पेरू की मौसम विज्ञान एजेंसियों ने रूस के कामचटका में आए भीषण भूकंप के बाद जारी अपनी सुनामी चेतावनी हटा ली हैं। मीडिया ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
इंडोनेशिया की मौसम विज्ञान, जलवायु विज्ञान और भूभौतिकी एजेंसी ने बुधवार को स्थानीय समयानुसार रात 11 बजे सुनामी की चेतावनी हटा ली। उस दिन पहले रूस के कामचटका प्रायद्वीप में 8.8 तीव्रता का भूकंप आया था, जिससे पूरे हिंद-प्रशांत क्षेत्र में लहरें उठीं। इंडोनेशियाई अधिकारियों ने सुनामी की चेतावनी जारी करके और पाँच प्रांतों के तटीय क्षेत्रों के निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के आदेश देकर प्रतिक्रिया व्यक्त की।
जापानी मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने गुरुवार को प्रशांत तट पर सभी प्रभावी सुनामी चेतावनी हटा लीं। सरकारी प्रसारक ‘एनएचके’ ने कहा कि उसका मानचित्र अब केवल सुनामी का पूर्वानुमान दर्शाता है, जिसका अर्थ है कि समुद्र के स्तर में मामूली परिवर्तन होगा।
पेरू नौसेना ने कहा कि राष्ट्रीय सुनामी चेतावनी केंद्र द्वारा किए गए विश्लेषण और आकलन के बाद पेरू के तट पर सुनामी की चेतावनी रद्द कर दी गई है हालांकि एजेंसी स्थिति पर नज़र रखेगी।
इस बीच चिली की राष्ट्रीय आपदा निवारण एवं प्रतिक्रिया सेवा (सेनाप्रेड) ने कहा कि बोयेरुका शहर के पास तट के पास सुनामी लहरों की ऊँचाई एक क्षेत्र में 2.5 मीटर (8.2 फीट) तक पहुँच गई। सेनाप्रेड ने पहले कहा था कि चिली ने सुनामी के खतरे के कारण देश के महाद्वीपीय भाग के तटीय क्षेत्र से लोगों को निकालना शुरू कर दिया है।

