इंदौर: नगर निगम शहर के विकास के लिए हर वर्ष करोड़ों रुपए खर्च करती है, लेकिन आज भी कई ऐसे क्षेत्र हैं, जहां पिछले एक दशक से विकास के नाम पर जनप्रतिनिधियों और जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा आम जनता को सिर्फ आश्वासन ही दिए जा रहे हं हवा बंगला से लगभग 1 किलोमीटर के दायरे में स्थित वार्ड क्रमांक 79 के अंतर्गत आने वाले प्रभु नगर में मूलभूत सुविधाओं का गंभीर अभाव बना हुआ है. क्षेत्र में अब तक पानी सीवरेज और पक्की सड़क जैसी आवश्यक सुविधाएं नहीं पहुंच सकी हैं, जिससे रहवासियों को रोजमर्रा की जिंदगी में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
प्रभु नगर की कच्ची सड़कों पर सालभर पानी बहने के कारण कीचड़ जमा रहता है. खासतौर पर बरसात के मौसम में हालात और भी बदतर हो जाते हैं. जिससे लोगों का घर से निकलना तक मुश्किल हो जाता है. हर साल बारिश में रहवासियों द्वारा अपने स्तर पर कच्चे रास्तों को सुधारने की कोशिश की जाती है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं मिल पाता. गड्ढे और पत्थरों से भरी सड़कों के कारण बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह रास्ते जोखिम भरे साबित हो रहे हैं. क्षेत्र का सर्वे और नपती भी की जा चुकी है, लेकिन अब तक सिर्फ आश्वासन ही मिला है. वर्षों बीत जाने के बावजूद कोई ठोस कार्य शुरू नहीं किया गया है, जिससे रहवासियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है.
यह बोले रहवासी
जब से कॉलोनी बसी है, तब से आज तक सड़क का निर्माण नहीं किया गया है. पार्षद आते हैं नप्ति लेकर जाते हैं और आश्वासन देते हैं, लेकिन कुछ नहीं होता.
– राधा पथरोड़
बरसात में तो हालत बदतर होती ही है, सूखे के मौसम में भी कच्ची सड़क पर पानी ढुलते ही कीचड़ हो जाता है, जिसके कारण आपस में भी झगड़े होते हैं. पक्की सड़क बन जाए तो यहां की कई समस्याएं दूर हो जाएंगी.
– निर्मल वर्मा
पक्की सड़क बनवाने की मांग को लेकर पार्षद के ऑफिस भी गए थे, कभी कहते हैं, व्यास जी को बोलो… तो कभी कहते हैं प्रदीप भैया को बोलो. हम लोग इधर से उधर चक्कर लगाते रहते हैं, लेकिन समाधान नहीं निकलता.
– अश्विन भालसे
प्रभुनगर में भी शीघ्र सड़क बनवाई जाएगी
मेरे वार्ड के कई मार्ग हैं, जिनका निर्माण विधायक निधि के अंतर्गत होने वाला है. वे स्वीकृत हो चुके हैं. इस दौरान प्रभु नगर क्षेत्र में भी पक्की सड़क बनाई जाएगी.
– लक्ष्मी वर्मा, पार्षद
