गोल्ड मेडल मिलते ही खिल उठे छात्राओं के चेहरे

जबलपुर। माता गुजरी महिला महाविद्यालय (ऑटोनॉमस) के सेमिनार हॉल में शनिवार को गोल्ड मेडल वितरण समारोह उत्साह और गरिमा के साथ आयोजित किया गया। शैक्षणिक सत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को स्वर्ण पदक और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। स्वर्ण पदक प्राप्त करते ही छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे और सभागार तालियों की गूंज से गूंज उठा। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. कीर्ति श्रीवास्तव एवं छात्राओं द्वारा शबद गायन से हुई। इसके बाद मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई। समारोह में महाविद्यालय के डायरेक्टर डॉ. सुनील कुमार पाहवा, प्राचार्य डॉ. संगीता झाम्ब और रजिस्ट्रार डॉ. सत्येंद्र कुररिया सहित गुरु गोविंद सिंह एजुकेशन सोसाइटी के पदाधिकारी मौजूद रहे।

शिक्षा ही सफलता का सबसे मजबूत आधार

समारोह में उपस्थित मुख्य अतिथि जबलपुर नगर निगम के महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ और उत्तर मध्य विधानसभा क्षेत्र के विधायक अभिलाष पांडे ने छात्राओं को स्वर्ण पदक और प्रमाण पत्र प्रदान किए। अपने संबोधन में उन्होंने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि शिक्षा ही सफलता का सबसे मजबूत आधार है।

आगे बढ़ने के लिए किया प्रेरित

इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. संगीता झाम्ब ने संस्थान का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए शैक्षणिक उपलब्धियों और गतिविधियों की जानकारी दी। सोसाइटी के अध्यक्ष सरदार कुलदीप सिंह बंसल ने छात्राओं को बधाई और आशीर्वाद देते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

आयोजन में रहा इनका सहयोग

कार्यक्रम के आयोजन में डॉ. मोनिका धगट और डॉ. पुष्पा रमेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम का संचालन सहायक प्राध्यापक ईशा माहेश्वरी ने किया तथा आभार प्रदर्शन सहायक प्राध्यापक इला शुक्ला द्वारा किया गया। इस अवसर पर राकेश तिवारी और राफेल परास्ते का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, छात्राएं और अभिभावक उपस्थित रहे।

Next Post

तीसरे राउंड के बाद सप्तक तलवार और ध्रुव श्योरण टॉप पर

Sat Mar 14 , 2026
अहमदाबाद, 14 मार्च (वार्ता) अहमदाबाद के कल्हार ब्लूज एंड ग्रीन्स गोल्फ क्लब में खेली जा रही डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई की इंडोरामा वेंचर्स ओपन गोल्फ चैंपियनशिप 2026 के तीसरे राउंड के बाद सप्तक तलवार और ध्रुव श्योरण टॉप पर रहे। सप्तक (68-71-69) और ध्रुव (69-69-70) आठ-अंडर 208 के बराबर टोटल के […]

You May Like