रूसी तेल पर अमेरिकी प्रतिबंधों में ढील से रूस को मिलेगा अवसर: विशेषज्ञ

वॉशिंगटन, 14 मार्च (वार्ता) ईरान संकट के बीच रूसी तेल पर अमेरिकी प्रतिबंधों में ढील से रूस के लिए नए अवसर पैदा हुए हैं।

रूसी न्यूज एजेंसी आरआईए नोवोस्ती ने नेविगेटर प्रिंसिपल इन्वेस्टर्स कंपनी के डायरेक्टर काइल शोस्टैक के हवाले से यह जानकारी दी।

श्री शोस्टैक ने कहा कि रूस के प्रत्यक्ष निवेश कोष (आरडीआईएफ) के प्रमुख एवं विदेशी देशों के साथ आर्थिक सहयोग के लिए राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के विशेष दूत किरिल दिमित्रीव ने 11 मार्च को मियामी में अमेरिकी अधिकारियों से मुलाकात की थी। इस बैठक का उद्देश्य वैश्विक ऊर्जा बाजार में चल रहे संकट पर चर्चा करना था।

इसके अगले ही दिन, अमेरिका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने लगभग 1000 लाख बैरल रूसी तेल पर से सभी प्रतिबंध हटाने की घोषणा की। यह तेल फिलहाल रास्ते में फंसा हुआ था। इससे पहले भारत द्वारा खरीदे गए उस रूसी तेल पर से प्रतिबंध हटाए गए थे जो पहले से ही समुद्र में फंसा हुआ था।

श्री शोस्टैक ने कहा, “मौजूदा उथल-पुथल शायद एक छोटी सी खिड़की (कम समय का अवसर) हो सकती है, लेकिन फिर भी यह उन रूसी तेल और गैस उत्पादकों के लिए एक अवसर है जो अपनी पहले से स्थापित रसद व्यवस्था के कारण सबसे अच्छी स्थिति में हैं। वे अपनी अतिरिक्त उत्पादन क्षमता को उन ग्राहकों विशेष रूप से भारत, चीन और दक्षिण-पूर्व एशिया के कुछ चुनिंदा देशों (जिनमें पाकिस्तान, थाईलैंड और मलेशिया शामिल हैं) की रिफाइनरियों और उपभोक्ताओं को जल्दी से बेच सकते हैं, जिन्हें इसकी ज़रूरत है।”

उन्होंने हालांकि चेतावनी दी कि यह अवसर बहुत कम समय के लिए हो सकता है, क्योंकि अमेरिकी प्रतिबंधों में दी गई यह राहत दायरे में बहुत सीमित है। उन्होंने कहा, कहा, “जिन लोगों को इससे फायदा होगा, वे छूट को कम से कम कर पाएंगे और अपने लिए कई महीनों की आपूर्ति तथा अतिरिक्त आय सुनिश्चित कर पाएंगे। अमेरिकी सरकार द्वारा रूसी तेल के व्यापार के लिए दिया गया यह अस्थायी लाइसेंस वापस लेने और रूसी व्यापारिक साझेदारों पर फिर से दबाव डालना शुरू करने से पहले, यह उनके लिए किसी भी हाल में एक बड़ी जीत साबित होगी।”

गौरतलब है कि श्री बेसेंट ने पिछले सप्ताह कहा था कि पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के बीच, संयुक्त राज्य अमेरिका रूसी तेल पर लगे प्रतिबंधों में और अधिक ढील दे सकता है।

 

Next Post

रूस पर हमले करने के लिए सोशल मीडिया का इस्तेमाल कर रहा यूक्रेन : रूस

Sat Mar 14 , 2026
मॉस्को, 14 मार्च (वार्ता/शिन्हुआ) रूसी संघीय सुरक्षा सेवा (एफएसबी) ने शनिवार को कहा कि यूक्रेन की सुरक्षा सेवाओं ने रूस में आतंकवादी हमले और तोड़फोड़ की घटनाओं को अंजाम देने में सक्षम लोगों को खोजने के लिए इंटरनेट, सोशल मीडिया और मैसेजिंग ऐप्स पर अपनी कोशिशें कम नहीं की हैं। […]

You May Like