
रतलाम। पंजाब के सस्ते हथियार रतलाम में लाकर बेचे जा रहे हैं। जीआरपी पुलिस ने ऐसे ही एक गिरोह को पकड़ा हैं। मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात पुलिस टीम प्लेटफार्मों व आसपास के क्षेत्रो में गश्त कर रही थी। तभी जीआरपी को सूचना मिली कि प्लेटफार्म 4 के पास प्रीमियम पार्किंग परिसर में एक युवक हथियारों से भरा झोला लेकर खड़ा है। सूचना पर जीआरपी थाना प्रभारी मोतीराम चौधरी के नेतृत्व में टीम वहां पहुंची तथा मुखबिर द्वारा बताए हुलिए के आधार पर जसप्रीतसिंह (20)पिता अंग्रेजसिंह निवासी ग्राम माड़ी कम्बोक, जिला तरनतारन, थाना खालड़ा (पंजाब) को गिरफ्तार किया। टीम ने उसके झोले की तलाशी ली। तलाशी में 25 खटकेदार चाकू, म्यान सहित 7 धारदार तलवारें, 7 धारदार गुप्ती (काले कवर में पैक), लोहे एवं बीड़ के 6 पंच मिले। टीम में एएसआई पंचम सिंह, नौशाद खान, प्रधान आरक्षक रईस खान, नाहरसिंह, आरक्षक अंकित शेखावत, पुष्पेन्द्र सिंह एवं धर्मेन्द्र कुशवाह शामिल थे। थाना प्रभारी चौधरी ने बताया कि आरोपी जसप्रीत सिंह व बलदेव सिंह को बुधवार को न्यायालय में पेश किया गया, न्यायालय ने दोनों को 5 अगस्त तक पुलिस रिमांड दिया। पुलिसे आरोपितों से पूछताछ कर जानकारी एकत्रित करेंगी।
चप्पल -जूते बेचने वाले को देने वाला था हथियार
थाना प्रभारी मोतीराम चौधरी ने बताया कि पूछताछ करने पर आरोपी जसप्रीत सिंह ने बताया कि वह अमृतसर से हथियार खरीदकर रतलाम के गुरुद्वारा के पास अस्थायी रूप से जूते-चप्पलों की दुकान लगाने वाले बलदेव सिंह (38)पिता गुरुवचन सिंह निवासी ग्राम माड़ी कम्बोक (पंजाब) को देने लाया था। इसके बाद बलदेव सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में बलदेव सिंह ने कबुलब किया कि वह हथियार पंजाब से सस्ते दामों में मंगवाकर रतलाम में ऊंचे दामों पर बेचता था।
