मकाऊ, 29 जुलाई (वार्ता) एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने मंगलवार को सीधे गेमों में जीत के साथ मकाऊ ओपन 2025 बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष युगल प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
चीन के मकाऊ में मकाऊ ईस्ट एशियन गेम्स डोम में प्रतिस्पर्धा करते हुए, भारतीय जोड़ी ने मलेशिया की लो हैंग यी और एनजी इंग चियोंग को 21-13, 21-15 से हराकर शानदार प्रदर्शन किया।
हालांकि, महिला युगल में भारत के लिए यह मिला-जुला दिन रहा। शीर्ष वरीयता प्राप्त और राष्ट्रमंडल खेलों की कांस्य पदक विजेता ट्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद को पहले ही दौर में लिन शियाओ-मिन और पेंग यू-वेई की गैरवरीय चीनी ताइपे की जोड़ी से 16-21, 22-20, 21-15 से हार का सामना करना पड़ा।
प्रिया कोंजेंगबाम और श्रुति मिश्रा ने एक घंटे नौ मिनट तक चले कड़े मुकाबले में चीनी ताइपे की लिंग जिह हुआंग और वांग सू-मिन को 21-15, 16-21, 21-17 से हराकर भारतीय उम्मीदों को जिंदा रखा। इसके विपरीत, अपूर्वा और साक्षी गहलावत को मलेशिया की गो पेई की और तेओह मेई जिंग से 21-8, 21-11 से हार के बाद बाहर होना पड़ा।
महिला एकल के क्वालीफकेशन दौर में, किशोर शटलर अनमोल खरब और तस्नीम मीर ने मुख्य ड्रॉ में जगह पक्की की। खार्ब ने अजरबैजान की कीशा फातिमा अज्जा हरा पर 21-11, 21-13 से शानदार जीत दर्ज की, जिससे उनका पहला मुकाबला थाईलैंड की दूसरी वरीयता प्राप्त बुसानन ओंगबामरुंगफान से होगा।
तस्नीम मीर ने थाईलैंड की टिडाप्रोन क्लीबयेसुन को 21-14, 13-21, 21-17 से हराकर पहले दौर में जगह बनाई, जहां उनका सामना दुनिया की पांचवीं वरीयता प्राप्त और शीर्ष वरीयता प्राप्त चीन की चेन युफेई से होगा।
इस बीच, कोई भी भारतीय खिलाड़ी पुरुष एकल क्वालीफिकेशन ड्रॉ से आगे नहीं बढ़ पाया। लेकिन पुरुष युगल में, डिंगकू सिंह कोंथौजम और अमान मोहम्मद ने हांगकांग चीन के लॉ चेउक हिम और येउंग शिंग चोई को 21-18, 21-17 से हराकर आगे बढ़े। अब उनका सामना मुख्य ड्रॉ में हमवतन पृथ्वी कृष्णमूर्ति रॉय और साई प्रतीक के से होगा।
मिश्रित युगल में, हेमा नागेंद्र बाबू और प्रिया कोंजेंगबाम ने चीनी ताइपे की ही जी-वेई और यान फेई चेन को 21-17, 21-19 से हराकर मुख्य ड्रॉ में प्रवेश किया।
पुरुष एकल में भारत के शीर्ष खिलाड़ी – पेरिस 2024 सेमीफाइनलिस्ट लक्ष्य सेन, यूएस ओपन चैंपियन आयुष शेट्टी और विश्व चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता एचएस प्रणय – बुधवार को अपने मुख्य ड्रॉ अभियान की शुरुआत करेंगे।
