मंडला: कान्हा टाइगर रिजर्व (केटीआर) से वन्यजीव प्रेमियों के लिए एक सुखद समाचार सामने आई है। रिजर्व की हथिनी ‘निर्मला’ ने हाल ही में एक स्वस्थ मादा हाथी शावक को जन्म दिया है, जिससे अब पार्क में हाथियों की कुल संख्या बढ़कर 17 हो गई है।वन विभाग के अनुसार नवजात शावक पूरी तरह स्वस्थ है और उसकी मां निर्मला के साथ-साथ एक अन्य मादा हथिनी ‘मौसी’ की तरह उसकी विशेष देखरेख कर रही है।
दोनों हथिनियां मिलकर शावक की सुरक्षा और पोषण में पूरा ध्यान दे रही हैं।वन अधिकारियों ने बताया कि यह प्रसव न केवल जैव विविधता के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है, बल्कि यह पर्यावरणीय संतुलन और हाथियों के संरक्षण की दिशा में चल रही योजनाओं के लिए भी एक उत्साहवर्धक संकेत है। यह घटना कान्हा में प्राकृतिक प्रजनन और नवजातों की सुरक्षित परवरिश की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सफलता को भी दर्शाती है। शावक की किलकारियों और नटखट हरकतों से पूरा जंगल जैसे उत्सव के माहौल में डूब गया है। यह घटना वन्यजीव संरक्षण क्षेत्र में एक सकारात्मक उपलब्धि के रूप में देखी जा रही है।
