नयी दिल्ली, 23 अप्रैल (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में गुरुवार को चावल का औसत भाव गिर गया। चावल के साथ चीनी और दालों में भी नरमी देखी गयी। गेहूं में तेजी का रुख रहा, जबकि खाद्य तेलों के दामों में घट-बढ़ रही। औसत दर्जे के चावल की औसत कीमत 75 रुपये टूटकर 3,768 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गयी। गेहूं पांच रुपये महंगा हुआ और 2,779 रुपये प्रति क्विंटल बोला गया। आटे की कीमत 17 रुपये गिर गयी। दाल-दलहनों में नरमी रही। उड़द दाल 54 रुपये प्रति क्विंटल सस्ती हुई। तुअर दाल की कीमत 49 रुपये और मसूर दाल की 47 रुपये टूट गयी। मूंग दाल 43 रुपये और चना दाल 19 रुपये प्रति क्विंटल फिसल गयी।
मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में जुलाई का पाम ऑयल वायदा 49 रिंगिट गिरकर 4,579 रिंगिट प्रति टन रह गया। जुलाई का अमेरिकी सोया तेल वायदा भी 0.21 प्रतिशत की गिरावट के साथ 70.85 सेंट प्रति पौंड के भाव बोला गया। स्थानीय बाजारों में पाम ऑयल की औसत कीमत 189 रुपये और सूरजमुखी तेल की 116 रुपये प्रति क्विंटल फिसल गयी। मूंगफली तेल 99 रुपये और वनस्पति 85 रुपये सस्ता हुआ। सरसों तेल में 49 रुपये की गिरावट रही। वहीं, सोया तेल 17 रुपये प्रति क्विंटल महंगा हुआ। मीठे के बाजार में आज गुड़ का औसत भाव 40 रुपये प्रति क्विंटल घट गया। चीनी भी तीन रुपये सस्ती हुई।

