मुंबई, 29 जुलाई (वार्ता) घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को चौतरफा लिवाली के दम पर बीएसई का सेंसेक्स 446.93 अंक यानी 0.55 प्रतिशत की मजबूती के साथ 81,337.95 अंक पर और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 140.20 अंक (0.57 प्रतिशत) चढ़कर 24,821.10 अंक पर पहुँच गया।
रिलायंस इंडस्ट्रीज और एचडीएफसी बैंक के साथ एलएंडटी और भारती एयरटेल ने भी बाजार की बढ़त में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
एशियाई बाजारों से मिले मिश्रित रुख के बीच घरेलू शेयर बाजार सुबह गिरावट में रहे। सेंसेक्स करीब 271 अंक टूटकर 80,620.25 अंक पर खुला और 80,575.45 अंक तक उतर गया। यूरोप में बाजार खुलने और वहाँ तेजी रहने से दोपहर बाद घरेलू बाजारों में भी लिवाली शुरू हो गयी और सेंसेक्स बीच कारोबार में 81,429.88 अंक को छूने में कामयाब रहा।
इसी प्रकार, निफ्टी-50 भी 30 अंक की गिरावट में 23,663 अंक पर खुला। इसका दिन का निचला स्तर 23,620.90 अंक रहा जबकि ऊपर यह 23,936 अंक तक गया।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 19 के शेयर हरे निशान में बंद हुये। रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर 2.21 प्रतिशत और एलएंडटी का 2.13 प्रतिशत की मजबूती में रहा। एशियर पेंट्स में 1.81 फीसदी, टाटा मोटर्स में 1.48 फीसदी और अडानी पोर्ट्स में 1.42 प्रतिशत की तेजी रही। एक्सिस बैंक और टीसीएस के शेयरों में सबसे अधिक 0.73 प्रतिशत की गिरावट आयी।
एनएसई में ज्यादा शेयरों पर आधारित निफ्टी-100 सूचकांक 0.63 प्रतिशत चढ़ा। निफ्टी मिडकैप-50 में 0.81 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 में 1.03 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गयी।
सभी सेक्टरों के सूचकांक हरे निशान में रहे। रियलिटी, फार्मा और हेल्थकेयर के साथ ऑटो, धातु और एफएमसीजी सेक्टरों में भी तेजी रही।
विदेशों में एशियाई शेयर बाजारों में मिश्रित रुख रहा। जापान का निक्केई 0.79 प्रतिशत और हांगकांग का हैंगसेंग 0.15 प्रतिशत की गिरावट में बंद हुआ जबकि चीन के शंघाई कंपोजिट में 0.33 प्रतिशत की तेजी रही। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 1.19 प्रतिशत और ब्रिटेन का एफटीएसई 0.50 प्रतिशत की तेजी में रहा।

