ओहियो (अमेरिका), विश्व के नंबर एक खिलाड़ी जैनिक सिनर ने फेलिक्स ऑगर-अलियासिमे को हराकर सिनसिनाटी ओपन के सेमीफाइनल में जगह बना ली है।
यहां खेले गये क्वार्टर फाइनल मुकाबले में इटली के दिग्गज सिनर ने कनाडा के ऑगर-अलियासिमे 6-0, 6-2 से हराया। इतालवी खिलाड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑगर-अलियासिमे खिलाफ पहला सेट मात्र 27 मिनट में जीत लिया। इसके बाद कनाडाई खिलाड़ी ने सिनर की सर्विस तोड़ी। लेकिन सिनर ने वापसी करते हुए प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ी के खिलाफ जीत दर्ज की।
मैच के बाद सिनर ने कहा, “मुझे लगा कि मैं बहुत अच्छी वापसी कर रहा हूं। यही मेरा मुख्य बिंदु था, जिसने मुझे अच्छी सर्विस करने का आत्मविश्वास दिया। दूसरे सेट में जब उन्होंने मेरी सर्विस तोड़ी तो मैं थोड़ा पिछड़ गया था। मुझे खुशी है कि मैंने उनकी सर्विस जल्दी ही तोड़ दी। मुझे ऐसा लग रहा था जैसे मैं शानदार टेनिस खेल रहा हूं।”
सेमीफाइनल में सिनर का मुकाबला फ्रांस के टेरेंस एटमाने से होगा। एटमाने ने सभी को चौंकाते हुए सातवीं वरीयता प्राप्त डेनमार्क के होल्गर रूण को सीधे सेटों में हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
23 वर्षीय एटमाने ने डेनमार्क के विश्व में नौवें नंबर के खिलाड़ी को 6-2, 6-3 से हराया। बाएं हाथ के एटमाने 10 सालों में पुरुषों के सिनसिनाटी टूर्नामेंट के अंतिम चार में पहुंचने वाले पहले क्वालीफायर हैं।
मैच के बाद एटमाने ने कहा, “मुझे नहीं लगता कि कोई भी शब्द इस समय मेरी भावनाओं को बयां कर सकता है। सेमीफाइनल तक पहुंचना मेरे लिए बहुत बड़ी बात है, इसलिए यह मेरे करियर के लिए बहुत मददगार साबित होगी। यह मेरे लिए बहुत मायने रखता है। मैं इसे लेकर बहुत भावुक हूं।”
गुरुवार को ही अमेरिकी बेन शेल्टन ने भी अपनी शानदार फॉर्म जारी रखते हुए चेक गणराज्य के जिरी लेहेका को 6-4, 6-4 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। पांचवीं वरीयता प्राप्त 22 वर्षीय शेल्टन अंतिम आठ में तीसरी वरीयता प्राप्त एलेक्जेंडर ज्वेरेव से भिड़ेंगे।
