
ग्वालियर। प्रदेश के ग्वालियर जिले में स्थित जे.सी. मिल सहित सैकड़ों कारखानों के मजदूरों, किसानों, नौजवानों एवं गौचर भूमि व गाँव के पलायन को रोकने आदि समस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मनोज यादव के नेतृत्व में 1 अगस्त को पार्टी द्वारा मप्र विधानसभा का घेराव किया जाएगा।
समाजवादी पार्टी के प्रदेश महासचिव रणवीर सिंह यादव ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी एवं कांग्रेस की गलत नीतियों के कारण आज मध्य प्रदेश में जे.सी. मिल्स जैसे सैकड़ों कारखाने कई दशकों से बंद पड़े हैं। उनके मजदूरों की आज तक देनदारियाँ नहीं दी गयी। मध्य प्रदेश रोडवेज को कई दशकों से बंद का नाटक कर कर्मचारियों को घाटे में बताकर व्ही. आर.एस. देना, न्यायालय के आदेश पर कुछ को पुनः नौकरी पर रखना और कुछ को नहीं रखना, रोडवेज चालू, पिछड़ा वर्ग को 52 प्रतिशत आरक्षण, जातिगत जनगणना कराने, आदिवासियों एवं गरीबों को काँग्रेस के समय दिये पट्टों पर कब्जा कराने, गाँव के पलायन को रोकने, गाँव में अच्छी शिक्षा चिकित्सा रोजगार एवं प्रत्येक गाँव में दो-दो सरकारी ट्यूबवेल लगाने व ग्वालियर कोर्ट में बाबा अम्बेडकर की प्रतिमा लगाने आदि को लेकर समाजवादी पार्टी कई बार ज्ञापन धरना सत्याग्रह कर गिरफ्तारियाँ देती रही है। लेकिन मध्य प्रदेश सरकार कुम्भकरण की नींद सो रही है। सरकार को नींद से जगाने 1 अगस्त को मध्य प्रदेश समाजवादी पार्टी विधानसभा का घेराव एवं प्रदर्शन करेगी।
उन्होंने मध्य प्रदेश के समस्त समाजवादियों, किसानों, मजदूरों पिछड़ों, दलितों, नौजवानों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में 1 अगस्त को विधानसभा घेराव कार्यक्रम में शामिल हों। अपील करने वालों में प्रदेश महासचिव रणवीर सिंह यादव, आर.पी. गोयल, प्रदेश सचिव डॉ. राकेश खरे, रमेश परिहार, इंदर सिंह गुर्जर, जगराम यादव, लोकपाल सिंह, जसवंत सिंह, गंधर्भ सिंह, रतिभान सिंह, सुरेन्द्र सिंह, विजय सिंह, लोहिया वाहनी के प्रदेश अध्यक्ष रामविजय यादव ग्वालियर जिला अध्यक्ष रामवीर सिंह गुर्जर शहर अध्यक्ष राजेश यादव दतिया अध्यक्ष राम सिंह बघेल श्योपुरी जिला अध्यक्ष राजेश यादव, अशोक नगर जिला अध्यक्ष मनोज जैन, गुना अध्यक्ष सुल्तान सिंह यादव आदि शामिल हैं।
